Jind Panipat Road : हरियाणा सरकार और नेशनल हाईवे अथारिटी द्वारा लगातार सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है लेकिन पिछले पांच साल से एक स्टेट हाईवे को चौड़ा करने की घोषणा तो हर मंच से की जा रही थी लेकिन अब तक इस पर काम शुरू नहीं हो पाया था। अब इस पर काम शुरू हो गया है। जी हां, जींद सफीदों पानीपत स्टेट हाईवे के चौड़ीकरण का काम शुरू हो गया है।
पहले तो इस सड़क मार्ग पर खड़े पेड़ को दूसरी जगह शिफ्ट करने की जगह नहीं मिल रही थी। अब कई वर्षों के प्रयास के बाद इन पेड़ों को काटा जाएगा। इनकी संख्या के अनुसार दूसरी जगह पेड़ लगाए जाएंगे। अगले सप्ताह इन पेड़ों को काटने के लिए एनओसी (NOC) मिल जाएगी। उस समय तक जहां जगह है, वहां पर सड़क को चौड़ा करने का काम शुरू हो गया है। इससे वाहन चालकों को काफी राहत मिलेगी। पिछले पांच साल से यह सड़क मार्ग बहुत खस्ता हो चुका था और हादसों का कारण बन रहा था।
Jind Panipat Road : हरियाणा की सबसे खतरनाक सड़क बोली जाती है जींद-सफीदों वाली सड़क
जींद-सफीदों स्टेट हाइवे जिले में सबसे खतरनाक सड़कों में सबसे ऊपर है। जगह-जगह से टूटे हुए और बेहद तंग इस स्टेट हाईवे पर हर साल लगभग 15 से ज्यादा लोगों की जान सड़क हादसों में जा रही है। खेड़ी तलोडा गांव के पास इस स्टेट हाईवे पर सड़क हादसे में उत्तर प्रदेश के शामली जिले के एक ही परिवार के सात लोगों की जान चली गई थी। कुछ समय पहले हिसार के बरवाला के एक ही परिवार के चार लोगों की जान भी निर्जन गांव के पास सड़क हादसे में गई थी। सड़क हादसों में इक्का-दुक्का लोगों की जान जाने का सिलसिला इस स्टेट हाईवे पर लगातार जारी रहता है।

Jind Panipat Road : पांच साल पहले हुए थी घोषणा
लगभग 5 साल पहले तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने सफीदों रैली में जींद से सफीदों के बीच सड़क की चौड़ाई सात मीटर से बढ़ाकर 10 मीटर करने और सफीदों से पानीपत के बीच स्टेट हाईवे को फोरलेन बनाने की लगभग 180 करोड़ रुपये की परियोजना की घोषणा की थी। सड़क की चौड़ाई बढ़ाने के लिए जींद-सफीदों के बीच ही लगभग 6500 हरे-भरे पेड़ों की कटाई होनी है। इन पेड़ों की कटाई के लिए वन विभाग से एनओसी के इंतजार में परियोजना लगातार लटकी रही। अब इसके लिए अनुमति मिल गई है।
Jind Panipat Road : पेड़ कटने से पहले ही सड़क चौड़ा करने का रास्ता निकाला
वन विभाग से पेड़ काटने की एनओसी मिलने में हो रही देरी के बीच अब लोक निर्माण विभाग ने यह रास्ता निकाला है कि स्टेट हाईवे पर जहां पेड़ों की कटाई रोड की चौड़ाई बढ़ाने में नहीं होनी है, वहां सड़क के साथ मिट्टी की खुदाई शुरू करवा दी गई है। जब तक ऐसे पैच में मिट्टी की खुदाई का काम पूरा होगा, तब तक लोक निर्माण विभाग को वन विभाग से एनओसी मिल जाएगी और काम सुचारू रूप से शुरू हो जाएगा।
Jind Panipat Road : 35 किलोमीटर दूरी, समय एक घंटे से ज्यादा लग रहा
जींद से सफीदों की दूरी लगभग 35 किलोमीटर की है। यह दूरी तय करने में एक घंटे से भी ज्यादा का समय लग जाता है। कारण यह है कि सड़क में गहरे गड्ढे जगह-जगह बने हुए हैं। इस हाईवे से हर रोज सफर करने वाले अपनी जान के साथ-साथ दूसरों की जान भी जोखिम में डालते हैं। जींद-सफीदों स्टेट हाईवे की चौड़ाई बढ़ाने की परियोजना पर लोक निर्माण विभाग द्वारा काम शुरू करने से लोगों ने काफी राहत की सांस ली है। पिल्लूखेड़ा के काफी लोगों को प्रतिदिन जींद आना होता है। उनका कहना है कि वह पांच साल से इस सड़क मार्ग के नवनिर्माण का इंतजार कर रहे हैं। अब उन्हें राहत मिलेगी।
जहां पर बिना पेड़ काटे चौड़ाई बढ़ाई जा सकती है, वहां पर काम शुरू कर दिया है। अगले सप्ताह वन विभाग से एनओसी मिल जाएगी। इसके बाद इस सड़क मार्ग की चौड़ाई बढ़ाने का काम सुचारू रूप से शुरू हो जाएगी। लोग इस सड़क की चौड़ाई बढ़ाने का काफी लंबे समय से इंतजार कर रहे थे।
–अजय कटारिया, एसडीओ पीडब्ल्यूडी, सफीदों।

