Haryana New Highway : हरियाणा में रोड नेटवर्क को मजबूत करने के लिए सरकार लगातार नए प्रोजेक्ट शुरू कर रही है। इसी कड़ी में अब प्रदेश वासियों के लिए एक और अच्छी खबर सामने आई है, जिसके तहत सरकार ने 71 किलोमीटर लंबे फोरलेन हाईवे के निर्माण की योजना बनाई है। यह नया हाईवे भिवाड़ी मोड़ से पलवल तक बनेगा, जिसकी केंद्रीय स्तर पर एलाइनमेंट की समीक्षा भी चल रही है।
नए प्रोजक्ट के साथ ही नूंह जिले के तावडू में बढ़ते ट्रैफिक को कम करने के लिए नया बाईपास भी बनाया जाएगा। फिलहाल तावडू के दक्षिणी हिस्से में करीब 3.80 किलोमीटर लंबा बाईपास मौजूद है, लेकिन ट्रैफिक दबाव को देखते हुए अब शहर के उत्तरी हिस्से में नया बाईपास तैयार किया जाएगा। इससे स्थानीय लोगों को जाम से राहत मिलेगी और सफर आसान होगा।
Haryana New Highway : दो चरणों में होगा हाईवे के निर्माण का काम
लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश में सड़क विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं। सड़कों के चौड़ीकरण, मरम्मत और नए हाईवे बनने से यातायात व्यवस्था बेहतर हुई है और क्षेत्रीय विकास को भी बढ़ावा मिला है। इस पूरे प्रोजेक्ट को दो चरणों में पूरा किया जाएगा। पहले चरण में होडल से बिलासपुर चौक होते हुए नूंह तक 71 किलोमीटर सड़क को फोरलेन बनाया जाएगा। इसके लिए लगभग 616 करोड़ रुपये का बजट तय किया गया है और करीब 80 एकड़ जमीन अधिग्रहित की जाएगी। सभी जरूरी मंजूरियां मिलने के बाद टेंडर जारी किए जाएंगे।
वहीं दूसरे चरण में बिलासपुर चौक से कुलाना होते हुए पटौदी तक सड़क को फोरलेन किया जाएगा। इस हिस्से के लिए करीब 476 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तावित है और 27 एकड़ जमीन की जरूरत होगी। फिलहाल यह प्रस्ताव मंजूरी के लिए संबंधित समिति के पास है। सभी स्वीकृतियां मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।

