HBSE Exam News update : हरियाणा के जींद जिले के जुलाना क्षेत्र के झमोला गांव के पीएसएमपीएम स्कूल में बने परीक्षा केंद्र में शनिवार को 10वीं कक्षा के हिंदी विषय की परीक्षा के दौरान चपरासी सुरेंद्र के मोबाइल में आंसर की मिली है। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड चेयरमैन द्वारा गठित रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) ने चपरासी के खिलाफ जुलाना थाना में मामला दर्ज करवाया है।
चपरासी ने उत्तर कुंजी कहीं और भेजी है या नहीं, पुलिस द्वारा इसकी जांच की जाएगी। वहीं इस परीक्षा केंद्र की हिंदी विषय की परीक्षा को रद कर दिया गया और परीक्षा केंद्र को जुलाना कन्या राजकीय स्कूल में शिफ्ट कर दिया गया है। वहीं स्कूल संचालक के खिलाफ एक लाख रुपये जुर्माना लगाया गया है। स्कूल को ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है, जिससे भविष्य में यहां परीक्षा केंद्र नहीं बनेगा। वहीं स्कूल की मान्यता भी रद की जा सकती है। टीम को निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्र में काफी अनियमितता मिली हैं। वहीं इस स्कूल में परीक्षा केंद्र है, ये बोर्ड चेयरमैन की भी जानकारी में नहीं था। स्कूल को परीक्षा केंद्र कैसे मिला, इसकी भी जांच होगी।
HBSE Exam News : परीक्षा केंद्र में मोबाइल लेकर घूम रहा था चपरासी
आरएएफ टीम करीब तीन बजे अचानक केंद्र पर पहुंची। निरीक्षण के दौरान टीम की नजर केंद्र पर कार्यरत चपड़ासी सुरेंद्र पर पड़ी, जो मोबाइल लेकर घूम रहा था। परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन रखना नियमों के विरुद्ध है। संदेह होने पर टीम ने उसका मोबाइल फोन चेक किया। जांच के दौरान मोबाइल की गैलरी में कोड ‘डी’ के प्रश्नपत्र से संबंधित उत्तर पाए गए। इससे टीम के सदस्यों ने मामले को गंभीरता से लिया और तुरंत केंद्र अधीक्षक को इसकी जानकारी दी। केंद्र अधीक्षक राममेहर ने आरोपित चपड़ासी सुरेंद्र के खिलाफ पुलिस को लिखित शिकायत दी। शिकायत में बताया गया कि परीक्षा की गोपनीयता भंग करने का प्रयास किया गया है, जो बोर्ड के नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है।
HBSE Exam News : स्कूल को मान्यता कैसे मिली, इसकी जांच करेंगे : चेयरमैन
हरियाणा स्कूल शिक्षा बोर्ड चेयरमैन डा. पवन कुमार ने बताया कि स्कूल को एक साल पहले ही बोर्ड परीक्षा के लिए केंद्र की मान्यता मिली थी। इस स्कूल को परीक्षा केंद्र की मान्यता कैसे मिली, इसकी भी जांच की जाएगी। टीम के निरीक्षण के दौरान काफी अनियमितता पाई गई हैं। टीम के निरीक्षण के दौरान मुख्य केंद्र अधीक्षक भी नहीं पाया गया। जिसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। स्कूल पर एक लाख जुर्माना लगाया गया है। बोर्ड परीक्षा केंद्र के लिए स्कूल को ब्लैक लिस्ट किया जाएगा। साथ ही स्कूल की मान्यता रद करवाने की भी कार्रवाई हो सकती है।
मामला दर्ज करके पूछताछ की जा रही है : थाना प्रभारी
जुलाना थाना प्रभारी विक्रम जोशन ने बताया कि चपरासी के मोबाइल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। प्रश्नों के उत्तर मोबाइल में कैसे और किस माध्यम से पहुंचे, इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। केंद्र अधीक्षक की तरफ से केवल चपरासी के खिलाफ ही शिकायत दी गई है। आरोपित के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
HBSE Exam News : किसी निजी स्कूल वाले ने फंसाया
परीक्षा केंद्र में नियुक्त एक कर्मचारी ने बताया कि चपरासी के मोबाइल में आंसर की पाई गई, जिसके खिलाफ थाने में शिकायत दी गई है। बाद में पता चला है कि किसी निजी स्कूल वाले ने योजना के तहत उसको फंसाया है। पहले चपरासी को परीक्षा केंद्र के बाहर बुलाकर कहा कि पेपर लीक हुआ है। जिसकी आंसर की उनके मोबाइल पर आई हुई है। चपरासी सुरेंद्र ने उनसे वो आंसर की अपने मोबाइल में डलवा ली। जिसे वापस आकर प्रिंसिपल को दिखाते हुए कहा कि पेपर लीक हुआ है। इसी दौरान टीम आ गई। टीम को चपरासी के मोबाइल में वो हाथ से लिखी आंसर की मिल गई।

