Jind Accident factory safidon : हरियाणा के जींद जिले के सफीदों क्षेत्र में बड़ा दर्दनाक हादसा हो गया। सफीदों की भाट कॉलोनी में गुलाल और रंग बनाने वाली एक फैक्ट्री में भीषण आग लगने से झुलस कर चार महिलाओं की मौत हो गई, जबकि करीब 20 मजदूर झुलस गए। आग इतनी तेजी से फैली कि फैक्ट्री के अंदर काम कर रहे मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग बाहर निकलने का रास्ता नहीं खोज पाए।
बताया जा रहा है कि हादसे के समय फैक्ट्री में करीब 30 मजदूर काम कर रहे थे। अचानक फैक्ट्री के अंदर आग भड़क उठी और कुछ ही मिनटों में पूरे परिसर में फैल गई। चारों ओर धुआं और आग की लपटें उठने लगीं, जिससे मजदूरों में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने धुआं उठता देखा तो तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
Jind Accident : फैक्ट्री के मेन गेट पर लगा था ताला, बाहर नहीं निकल पाए मजदूर
मजदूरों का आरोप है कि काम के दौरान फैक्ट्री के मुख्य गेट पर बाहर से ताला लगा हुआ था। जब आग लगी तो मजदूर बाहर निकलने के लिए दरवाजे तक पहुंचे, लेकिन गेट बंद होने के कारण वे अंदर ही फंस गए। बाद में बाहर मौजूद लोगों और स्थानीय निवासियों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए काफी मशक्कत के बाद दरवाजा तोड़ा, जिसके बाद कुछ मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही झुलसने से मौत हो गई थी। फैक्ट्री से निकाले गए घायलों को सफीदों के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से कई लोगों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें पानीपत के अस्पताल रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान दो और महिलाओं ने दम तोड़ दिया, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर चार हो गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
Jind Accident : डीसी और एसपी ने घटनास्थल का जायजा लिया
घटना की सूचना मिलने के बाद जिला प्रशासन भी सक्रिय हो गया। डीसी मोहम्मद इमरान रजा और एसपी कुलदीप सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। अधिकारियों का कहना है कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और मामले में लापरवाही सामने आने पर कार्रवाई की जाएगी।
हादसे के बाद घायलों को एंबुलेंस के जरिए जींद नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें सफीदों निवासी रानी (45), आदर्श कॉलोनी निवासी जगबीर (40) और निसिंग (करनाल) निवासी पवन कुमार (30) शामिल हैं। जगबीर और पवन कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल में भर्ती कर लिया गया है। इसके अलावा शिव कॉलोनी निवासी कश्मीरी (39), गीता कॉलोनी निवासी कमलेश (54) और सफीदों निवासी बिमला (60) भी गंभीर रूप से झुलसी हुई हैं और उनका इलाज जारी है। मृतकों और कुछ घायलों की पहचान अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाई है।

