Jind Administration : जींद के अस्पताल, स्कूल, कालेज, विश्वविद्यालय सहित अन्य शिक्षण संस्थानें में हास्टल, स्वयं सहायता समूह द्वारा संचालित कैंटीन व शादियों के लिए कामर्शियल सिलिंडर उपलब्ध करवाए जाने हैं। डीसी मोहम्मद इमरान रजा की अध्यक्षता में गठित कमेटी के पास बुधवार तक 371 सिलिंडर की डिमांड आ चुकी है। जबकि प्रतिदिन जिले को 100 कामर्शियल सिलिंडर ही उपलब्ध हो पाएंगे। ऐसे में कमेटी के लिए डिमांड के अनुसार संबंधित संस्थाओं व लोगों को सिलिंडर उपलब्ध करवाना बड़ी चुनौती है।
कमेटी में कौन-कौन शामिल हुए ? (Jind Administration)
अस्पताल, शिक्षण संस्थानों व शादियों के लिए सिलिंडर उपलब्ध करवाने को लेकर गठित कमेटी में एसपी, डीएफएससी, सिविल सर्जन और जिला शिक्षा अधिकारी के साथ- साथ गैस कंपनियों के सेल्स आफिसर भी इस कमेटी में शामिल किए गए हैं। कमेटी के पास जो भी कामर्शियल सिलिंडर की मांग आएंगी, वो कमेटी सेल्स आफिसर को भेजेगी। सेल्स आफिसर संबंधित कंपनी से स्वीकृति दिलवाएंगे। उसके बाद सिलिंडर उपलब्ध होंगे।

गैस कंपनी अधिकारियों के साथ हुई बैठक (Jind Administration)
जिले में गैस सिलिंडर की उपलब्धता व खपत को लेकर डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने बुधवार को गैस कंपनी अधिकारियों के साथ बैठक की। घरेलू व कामर्शियल सिलिंडर की सप्लाई को लेकर समीक्षा की गई। वहीं दूसरी तरफ घरेलू गैस सिलिंडर के लिए शहर में एजेंसियों के बाहर भीड़ लग रही है। हालांकि मंगलवार की तुलना में एजेंसियों पर भीड़ कुछ कम रही। गांवों में सिलिंडर की बुकिंग का समय 45 दिन किया गया है। जिससे ग्रामीण क्षेत्र की एजेंसियों पर अब भीड़ नजर नहीं आ रही है।
डिमांड के अनुसार उपलब्ध करवाए जाएंगे कामर्शियल सिलिंडर (Jind Administration)
डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने कहा कि जिले में गैस की उपलब्धता व वितरण को लेकर प्रशासन निगरानी रख रहा है। गैस कंपनी अधिकारियों के साथ भी लगातार बैठक की जा रही हैं। जिले में घरेलू गैस सिलिंडर की कोई कमी नहीं है। उपभोक्ता संयम रखें और जरूरत अनुसार सिलिंडर लें। अस्पताल, शिक्षण संस्थानों व शादियों के लिए भी डिमांड के अनुसार कामर्शियल सिलिंडर उपलब्ध करवाए जाएंगे।

