Jind News : जींद। भारतीय किसान यूनियन ने 26 जनवरी पर ट्रैक्टर यात्रा में शामिल होने वाले ट्रैक्टर चालक किसानों को सम्मानित किया है। नौगामा खाप में पिछले 3 दिन से भाकियू द्वारा अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत 450 किसानों को सम्मानित किया जा चुका है।
हालांकि 26 जनवरी को ही ट्रैक्टर चालक किसानों को सम्मानित किया जाना था लेकिन उस दिन रामराय निवासी भीरा की ट्रैक्टर के नीचे आने से मौत हो गई, इस कारण सम्मानित करने का कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया था। भाकियू के जिला प्रधान बिंदर नंबरदार, प्रेस प्रवक्ता रामराजी ढुल, जिला महासचिव राजेंद्र पहलवान, जयबीर, भगत सिंह ने बताया कि कार्यकारिणी के सदस्य राजपुरा भैण, रामराय, पोंकरी खेड़ी, ईंटल कलां, ईंटल खुर्द, ईक्कस, रामगढ़, ईगराह, बीबीपुर गांव में चौपालों में कार्यक्रम का आयोजन कर रहे हैं।
इसमें 26 जनवरी को जो किसान ट्रैक्टर यात्रा में ट्रैक्टर लेकर आए थे, उन्हें भाकियू की हरी पगड़ी देकर सम्मानित किया जा रहा है। भारती किसान यूनियन अपनी मांगों को लेकर समय-समय पर प्रदर्शन, धरने, ट्रैक्टर यात्रा निकालती रही है, ताकि किसानों को उनका हक मिल सके।

