Jind CBI Raid : जींद शहर के भिवानी रोड पर बैटरी व सोलर पैनल की फैक्ट्री में बुधवार को चंडीगढ़ से सीबीआइ की टीम ने दबिश दी। जीएसटी के लेनदेन का कोई मामला बताया जा रहा है। फैक्ट्री में मौके से पैसे लेते हुए जीएसटी रोहतक टीम के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है।
सूत्रों के अनुसार 12 मार्च को रोहतक से केंद्रीय जीएसटी की एक टीम ने भिवानी रोड पर व्यापारी राजेश की बैटरी व सोलर पैनल की फैक्ट्री में छापेमारी की थी। टीम को बिल और अन्य दस्तावेजों में खामी मिली थी। जिसको लेकर फैक्ट्री संचालक से पैसे लेने के लिए बुधवार को जीएसटी टीम तरफ से कुछ लोग पहुंचे थे। इस दौरान दोपहर करीब 12 बजे चंडीगढ़ से सीबीआई की टीम भी पहुंच गई। जहां पैसे लेते हुए जीएसटी टीम के दोनों व्यक्तियों को सीबीआइ टीम ने पकड़ लिया।

इस मामले से जुड़े अधिकारियों के आवास पर रोहतक में भी सीबीआइ की टीम ने दबिश दी। फैक्ट्री मालिक राजेश ने इस मामले में कोई भी जानकारी देने से इंकार करते हुए कहा कि कार्रवाई जारी है, उससे पहले कुछ नहीं बता सकते। फैक्ट्री में रात 11 बजे के बाद भी सीबीआइ टीम की जांच जारी थी। सूत्रों के अनुसार केंद्रीय जीएसटी रोहतक की टीम ने पिछले दिनों जींद शहर में कुछ अन्य प्रतिष्ठानों पर भी छापेमारी की थी।

