Jind GAS Agency : जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक राजेश कुमार आर्य ने बताया कि डीसी मोहम्मद इमरान रजा के मार्गदर्शन में जिला जींद में घरेलू गैस सिलिंडरों की आपूर्ति पूरी तरह सुचारू व व्यवस्थित रूप से की जा रही है। जिले में कार्यरत 24 गैस एजेंसियों के माध्यम से प्रतिदिन लगभग 5976 उपभोक्ताओं को गैस सिलिंडर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं, जिससे आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा।

उन्होंने कहा कि गैस कंपनियों (Jind GAS Agency) के पास वर्तमान में लगभग 9200 गैस सिलिंडर का पर्याप्त स्टाक उपलब्ध है, जो मौजूदा मांग से अधिक है। ऐसे में नागरिकों से अपील है कि वे घबराहट में आकर अनावश्यक रूप से गैस सिलिंडरों का भंडारण नहीं करें। गैस बुकिंग निर्धारित समय पर की जा रही है व समयबद्ध तरीके से वितरण भी सुनिश्चित किया जा रहा है। इसके अलावा, जिले में विभिन्न कंपनियों के 178 पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल व डीजल की सप्लाई भी निरंतर जारी है।
दोनों ही ईंधनों (Jind GAS Agency) की उपलब्धता पर्याप्त मात्रा में बनी हुई है, जिससे किसी प्रकार की कमी की स्थिति नहीं है। उन्होंने विशेष रूप से अवगत कराया कि जिन परिवारों में विवाह या अन्य सामाजिक कार्यक्रम प्रस्तावित हैं, वे गैस सिलिंडर की आवश्यकता के लिए कम से कम 10 दिन पूर्व आवेदन करें, ताकि संबंधित कंपनियों को समय रहते मांग भेजी जा सके और आपूर्ति सुचारू रूप से सुनिश्चित की जा सके।

