Jind Nagar Palika : जींद में नगर परिषद के 2026-27 के बजट को लेकर विशेष बैठक 30 मार्च को दोपहर दो बजे कार्यालय के तीसरे तल पर बुलाई गई है। चेयरपर्सन डा. अनुराधा सैनी की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक के लिए सभी पार्षदों, सांसद सतपाल ब्रह्मचारी, स्थानीय विधायक एवं विधानसभा डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिढ़ा को एजेंडा भेज दिया गया है। नगर परिषद हाउस पिछले साल मार्च में ही आखिरी बार बैठक बुलाई गई थी, जोकि बजट को लेकर ही थी। उसके बाद एक साल से ज्यादा समय बीत जाने के बाद बजट को लेकर ही बैठक बुलाई गई है।
शहर में विकास कार्यों के लिए 40 करोड़ रुपये की मांग (Jind Nagar Palika)
इस दौरान बीच में हाउस कोई बैठक नहीं बुलाई गई। जिसको लेकर कुछ पार्षदों में नाराजगी भी है। क्योंकि पिछले काफी समय से पार्षद विकास कार्यों को लेकर हाउस की बैठक बुलाए जाने की मांग कर रहे थे। हालांकि नगर परिषद के पास विकास कार्यों के लिए बजट नहीं होने के कारण बैठक नहीं बुलाई जा रही थी। नगर परिषद चेयरपर्सन डा. अनुराधा सैनी की तरफ से शहर में विकास कार्यों के लिए 40 करोड़ रुपये की मांग भी सरकार को भेजी हुई है। लगातार दूसरे साल बजट में नगर परिषद ने अपनी आमदनी का अनुमान घटाया है।

वित्त वर्ष 2024-25 में नगर परिषद को 142 करोड़ 98 लाख 97 हजार रुपये आय (Jind Nagar Palika)
वित्त वर्ष 2024-25 में नगर परिषद को 142 करोड़ 98 लाख 97 हजार रुपये आय होने का अनुमान था, लेकिन इसके विपरीत 109 करोड़ 63 लाख रुपये ही आय हो पाई थी। जिसके चलते वित्त वर्ष 2025-26 के लिए आय का अनुमान 114 करोड़ 33 लाख 84 हजार 767 रुपये लगाया गया था। लेकिन 28 फरवरी तक करीब 71 करोड़ रुपये की ही आमदनी हो पाई। जिसमें सरकारी ग्रांट भी शामिल है। वित्त वर्ष 2026-27 में 98.83 करोड़ आमदनी और 85.84 करोड़ खर्च होने का अनुमान लगाया है। जिसमें सरकार से मिलने वाली ग्रांट भी शामिल है।
प्रापर्टी टैक्स का लक्ष्य प्राप्त नहीं कर सके (Jind Nagar Palika)
नगर परिषद हर साल प्रापर्टी टैक्स वसूलने में पिछड़ रही है। मौजूदा वित्त वर्ष में नगर परिषद ने प्रापर्टी टैक्स से करीब सवा छह करोड़ रुपये की आमदनी का लक्ष्य रखा था। लेकिन पौने तीन करोड़ रुपये प्रापर्टी टैक्स के ही नगर परिषद जमा कर पाई। आगामी वित्त वर्ष में नगर परिषद ने 10.72 करोड़ रुपये प्रापर्टी टैक्स से आमदनी जुटाने का लक्ष्य रखा है।
सभी हाउस सदस्यों को बैठक की सूचना (Jind Nagar Palika)
नगर परिषद चेयरपर्सन डा. अनुराधा सैनी ने कहा कि आगामी वित्त वर्ष के बजट की स्वीकृति को लेकर 30 मार्च दोपहर दो बजे हाउस की विशेष बैठक बुलाई गई है। सभी हाउस सदस्यों को बैठक की सूचना भेज दी गई है। मौजूदा वित्त वर्ष में प्रापर्टी टैक्स सहित अन्य मदों में जहां आमदनी कम रही, वहां आमदनी को बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। बकाया प्रापर्टी टैक्स भरने के लिए लोगों को प्रेरित किया जाएगा।

