Jind Property Registry : जींद शहर की अवैध कालोनियों में प्रापर्टी की रजिस्ट्री करने का मामला सामने आया है। तहसीलदार शालिनी लाठर और लिपिक अमन पर ये रजिस्ट्री करने के आरोप हैं।
राजस्व घोटाला करने के आरोप (Jind Property Registry)
पिछले सप्ताह शुक्रवार को मंडल आयुक्त हिसार ने जांच करके अतिरिक्त मुख्य सचिव को कार्रवाई के लिए रिपोर्ट भेज दी है। सैनी मोहल्ला निवासी रिंकू पंडित ने 18 नवंबर 2025 को वित्त आयुक्त और उच्चाधिकारियों को शिकायत देते हुए तहसीलदार शालिनी लाठर और रजिस्ट्री लिपिक अमन पर गलत तरीके से रजिस्ट्री करके राजस्व घोटाला करने के आरोप लगाए थे। शिकायत में रिंकू पंडित ने आरोप लगाया था, भू-माफियाओं के साथ सांठ गांठ कर अवैध कालोनियों में रजिस्ट्रियां की गई हैं।

जांच में क्या आया सामना ? (Jind Property Registry)
17 सितंबर से 30 अक्टूबर 2025 के बीच जींद तहसील में कालोनियों के प्लाटों की रजिस्ट्री की गई, जो अवैध थी। इनमें से अधिकतर रजिस्ट्रियां सुविधा शुल्क और फर्जी प्रापर्टी आइडी के सहारे दर्ज की गई हैं। रजिस्ट्रियां नियमों को ताक पर रखकर की गई हैं। जांच में सामने आया कि तहसीलदार शालिनी लाठर और रजिस्ट्री लिपिक अमन ने जानबूझकर अवैध क्षेत्र में रजिस्ट्रियां की हैं। तहसीलदार शालिनी लाठर को 30 जनवरी को इस मामले में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने के लिए बुलाया गया था। तब उन्होंने शिकायतकर्ता द्वारा लगाए आरोपों को निराधार बताया था।

