Jind Uchana CM Railly : (जींद/उचाना) सीएम नायब सिंह सैनी बुधवार को उचाना में धन्यवाद रैली में पहुंचे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने 103.30 करोड़ रुपये पांच विकास परियोजनाओं के उद्घाटन व शिलान्यास किए। इनमें 28 करोड़ 54 लाख रुपये लागत के तीन उद्घाटन और 74 करोड़ 77 लाख रुपये की लागत के दो शिलान्यास शामिल रहे। उचाना विधायक देवेंद्र अत्री की बरसोला माइनर व ढाकल हेड की मांग को पूरा करने का आश्वासन भी सीएम ने दिया।
इस दौरान जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी, विधानसभा डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिढ़ा, उचाना से विधायक देवेंद्र अत्री, खरखौदा से विधायक पवन खरखौदा मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने रैली में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि नीयत, नीति और अंत्योदय के संकल्प पर ही प्रदेश में तीसरी बार डबल इंजन की सरकार बनी है। ये बांगर की भूमि हरियाणा की धड़कन है। उचाना के विकास के पहिए को तीव्र गति से आगे बढ़ाने का काम हरियाणा सरकार करेगी।
Uchana CM Railly : उचाना में 11 साल में 1409 करोड़ रुपए विकास कार्यों पर खर्च
पिछले 11 वर्षों में क्षेत्र के विकास के लिए 78 घोषणाएं की गई जिनमें से 58 घोषणाओं पर काम पूरा हो चुका है। 15 योजनाओं पर काम चल रहा है। पिछले 11 वर्षों में उचाना के विकास के लिए 1409 करोड़ खर्च किए गए हैं। उचाना के छह जलमार्गों की रीमाडलिंग और रिहैबिलिटेशन करवाई जाएगी। ग्राम पंचायत उचाना खुर्द में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के नए भवन का निर्माण होगा। करसिंधु के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को अपग्रेड किया जाएगा, जिस पर लगभग 20 करोड रुपये का खर्च आएगा।

करसिंधु को महाग्राम का दर्जा देने की घोषणा करते हुए कहा कि 50 करोड़ रुपये की राशि विभिन्न कार्यों पर खर्च होगी। उचाना हलके के हर गांव में ई-लाइब्रेरी, जिम बनाई जाएगी। गांव बरसौला सब माइनर आरडी-19000 से 6500 का पुनर्वास करवाया जाएगा। उचाना शहर की पुरानी, अधूरी सीवरेज व्यवस्था को दुरुस्त करवाया जाएगा, जिस पर नौ करोड़ रुपये खर्च होंगे। उचाना की नई अतिरिक्त अनाज मंडी मार्केट कमेटी के भवन का निर्माण होगा। उचाना हलके की पुरानी सड़कों को चौड़ा और मरम्मत का काम करवाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने उचाना क्षेत्र के विकास के लिए अलग से पांच करोड़ रुपये देने की भी घोषणा की। ब्राह्मण धर्मशाला, बैकवर्ड समाज की धर्मशाला और अग्रवाल समाज की धर्मशाला के लिए मुख्यमंत्री ने 11-11 लाख रुपये देने की भी घोषणा की। ढाकल हैड और बरसोला माइनर की विधायक देवेंद्र अत्री की मांग को पूरा करने का आश्वासन देते हुए कहा कि ऐसा कोई काम नहीं है जो हो नहीं सकता है। इसको लेकर एक कमेटी बनाई जाएगी जिसकी रिपोर्ट आने के बाद इसको आगे बढ़ाया जाएगा।

Uchana CM Railly : उचाना में सीएम नायब सैनी ने की ये घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि उचाना विधानसभा की 122 किलोमीटर की 146 सड़कों की जो डीएलपी की अवधि में है, आवश्यकता अनुसार संबंधित एजेंसी से उनको ठीक करवाया जाएगा। 15 किलोमीटर की सात सड़कों का निर्माण प्रगति पर है और तीन किलोमीटर की दो सड़कों की 51 लाख 61 हजार की लागत से स्पेशल रिपेयर करवाई जाएगी। उचाना विधानसभा क्षेत्र में लोक निमार्ण विभाग की 32 करोड 75 लाख रूपये की लागत से 18 सड़कों की विशेष मरम्मत एवं नवीनीकरण करवाया जाएगा।
इन सडकों की कुल लंबाई 68 किलोमीटर है। 617 किलोमीटर की 146 सड़कें जो अभी डीएलपी की अवधि में है, एजेंसी द्वारा ठीक करवाया जाएगा। 392 किलोमीटर की 88 सड़कों का निर्माण प्रगति पर है। विधानसभा क्षेत्र की 54 किलोमीटर की 10 सड़कों की 26 करोड़ रुपये की लागत से स्पेशल रिपेयर का कार्य करवाया जाएगा। उचाना विधानसभा के खेत खलिहान के लिए 25 किलोमीटर लंबाई तक के कच्चे रास्तों को पक्का कराया जाएगा।
Uchana CM Railly : पहले यहां से चुने हुए लोग दिल्ली व चंडीगढ़ से राजनीति करते थे : अत्री
विधायक देवेंद अत्री ने कहा कि अब उचाना ठहराव नहीं विकास चाहता है। उचाना में बड़े बड़े राजनीतिक घरानों को चुना। ऐसा पहली बार हुआ, भाजपा ने उन्हें प्रत्याशी के रूप में उतारा और जनता ने किसान के बेटे को विधानसभा में भेजा। पहले चुने हुए लोग जीत कर दिल्ली और चंडीगढ़ से राजनीति करते थे। उन्हें उचाना से लेना- देना नहीं था। उनसे मिलने दिल्ली- चंडीगढ़ जाने के लिए पांच से दस हजार रुपये खर्च करने पड़ते थे। उचाना की सुध किसी ने नहीं ली। भाजपा सरकार में विकास की रफ्तार बढ़ रही है। उनकी मांग पर मुख्यमंत्री ने उचाना के छह गांव आइएमटी में शामिल किए, इससे उचाना में जमीनों के भाव बढ़ेंगे।

Uchana CM Railly : कांग्रेस का पौं-पौं बजाने का काम
विधानसभा डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिढ़ा ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि चुनाव के दौरान कांग्रेस के नाम की लहर चल रही थी, कांग्रेस आएगी, कांग्रेस आएगी। प्रचार के दौरान एक लड़के की मां भागते हुए आई और कांग्रेस के चुनाव प्रचार की गाड़ी रोकते हुए कहा कि एक बार यह पौं-पौ बजा दे, मेरा लड़का चुप हो जाएगा। जब चुनाव नतीजे आए, तो हरियाणा में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनी। कांग्रेस की यह पौं-पौं बजाने का काम मुख्यमंत्री नायब सैनी ने किया।
किसी की पेंशन नहीं होगी बंद
सामाजिक एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि भाजपा सरकार ने ना किसी की पेंशन बंद की है और ना किसी की पेंशन काटने काम किया है। पेंशन को लेकर कुछ शिकायतें थी तो उनके विभाग के अधिकारियों ने इसे जांचने का काम किया। जब यह मामला मुख्यमंत्री नायब सैनी के संज्ञान में आया, तो उन्होंने तुरंत पेंशन जारी करने के आदेश दिए।

