Masoom sharma controversy ex sarpanch : हरियाणवी कलाकार मासूम शर्मा और मुआना गांव के पूर्व सरपंच राजेंद्र शर्मा को स्टेज से उतारने को लेकर शुरू हुए विवाद का शनिवार को पटाक्षेप हो गया है। पूर्व सरपंच राजेंद्र शर्मा ने कहा कि मासूम शर्मा ने फोन पर माफी मांग ली है। अब यह विवाद खत्म हो गया है। मासूम शर्मा ने यह भी कहा कि वह आकर उनसे मिलेगा।
राजेंद्र शर्मा ने कहा कि शनिवार को मुआना में परिवार के लोग एकत्रित हुए थे। मासूम शर्मा के भाई तथा धर्मू ने तो पहले ही माफी मांग ली थी। शनिवार को परिवार के सभी लोगों ने इस मुद्दे पर चर्चा की। फोन पर मासूम शर्मा ने भी बात की। फोन पर मासूम शर्मा ने माफी मांगते हुए कहा कि यह उसकी गलती थी। वह जल्द ही उनसे आकर मिल भी लेगा। राजेंद्र शर्मा ने कहा कि परिवार के लोगों के कहने पर समझौता करना पड़ा। यह पारिवारिक मामला था।
राजेंद्र शर्मा ने कहा कि उन्होंने सरपंच एसोसिएशन के प्रधान से भी बात कर ली है और समझौता होने की बात बताई। सरपंच एसोसिएशन ने भी कहा कि यह आपका परिवार का मामला था। आपने समझौता कर लिया तो ठीक है। बता दें कि सरपंच एसोसिएशन ने मासूम शर्मा को माफी मांगने के लिए 72 घंटे का अल्टीमेटम दिया था, जो शनिवार को खत्म हो गया था।

Masoom sharma controversy : रणबीर समैन ने कहा, सभी साथियों से विचार के बाद लेंगे फैसला
हरियाणा सरपंच एसोसिएशन के प्रधान रणबीर समैन ने कहा कि राजेंद्र शर्मा का पारिवारिक मामला था, उन्होंने समझौता कर लिया है तो ठीक। मासूम शर्मा ने जो शब्द बोले थे, वह किसी व्यक्ति विशेष के लिए नहीं बल्कि सभी सरपंचों के लिए बोले थे। सभी सरपंचों ने अपनी प्रतिष्ठा के लिए बैठक की थी, न कि अकेले राजेंद्र शर्मा के लिए। सोमवार को इस मामले में सभी साथियों की बैठक बुलाई जाएगी। जो सभी साथियों का फैसला होगा, वही मान्य होगा।
Masoom sharma controversy : 18 फरवरी को जींद में हुआ था विवाद
18 फरवरी को जींद में मासूम शर्मा की बहन कविता व बहनोई धर्मवीर की 25वीं शादी की सालगिरह थी। इस मौके पर यहां एक होटल में कार्यक्रम रखा गया था। यहां मौसम शर्मा स्टेज पर अपनी प्रस्तुति दे रहे थे। इस दौरान भीड़ अधिक थी। गांव मुआना के पूर्व सरपंच राजेंद्र शर्मा भी स्टेज पर थे। मासूम शर्मा ने मंच से पूर्व सरपंच राजेंद्र शर्मा को नीचे उतरने के लिए कहा।
इसके अलावा मासूम शर्मा ने यह भी कहा कि मेरे प्रोग्राम में कोई सरपंच, एमएलए या मंत्री हो, मैं किसी को नहीं मानता। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद सरपंचों ने विरोध जताया। राजेंद्र शर्मा ने मासूम शर्मा को पंच का चुनाव लड़ने की चुनौती दी थी। इसके बाद विवाद में सरपंच एसोसिएशन भी शामिल हो गई थी। प्रदेश की सरपंच एसोसिएशन ने मासूम शर्मा को माफी मांगने के लिए तीन दिन का अल्टीमेटम दिया था।

