3 February 2026 Weather Update : देश के बड़े हिस्से इस समय मौसम की मार झेल रहे हैं। उत्तर भारत से लेकर पहाड़ी राज्यों और दक्षिण भारत तक मौसमी गतिविधियां तेज हो गई हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले 24 से 48 घंटों के दौरान कई राज्यों में आंधी, बारिश, ओलावृष्टि, बर्फबारी और आकाशीय बिजली की चेतावनी जारी की है। खराब मौसम का असर सड़क, रेल और हवाई यातायात पर भी पड़ सकता है।
राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के चलते मौसम अचानक करवट ले चुका है। कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो रही है, वहीं ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान पहुंचा है। घने कोहरे और शीतलहर के कारण ठंड का असर भी बना हुआ है।
दिल्ली-NCR Weather Update: बारिश से बढ़ी ठंड, AQI में मिली राहत
दिल्ली NCR में बादल छाए हुए हैं और रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी है। बीते 24 घंटों में तेज हवाओं और बारिश से ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ घंटों तक हल्की बारिश हो सकती है। 3 फरवरी को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 9°C और अधिकतम 17°C रहने का अनुमान है। बारिश के चलते प्रदूषण के स्तर में मामूली सुधार हुआ है और AQI करीब 200 के आसपास पहुंच गया है। नोएडा और गाजियाबाद में भी ऐसा ही मौसम बने रहने की संभावना है।

राजस्थान Weather Forecast : दो दिन तक बारिश और ठंड का दौर जारी
राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ का असर साफ दिखाई दे रहा है। कई जिलों में मेघगर्जन, तेज हवाएं और बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार तक यह स्थिति बनी रह सकती है। न्यूनतम तापमान पाली में 8°C, श्रीगंगानगर में 9°C, जयपुर में 11°C और अलवर में 7°C के आसपास रहने का अनुमान है। अगले दो दिन तक मौसम में खास सुधार की उम्मीद नहीं है।
Haryana Weather Update : हरियाणा-पंजाब में बारिश और कोहरा
हरियाणा और पंजाब के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए हुए हैं। आईएमडी ने आंधी के साथ हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया है। कोहरे और शीतलहर के कारण ठंड का असर बढ़ गया है। हरियाणा के कई शहरों में न्यूनतम तापमान 6 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज होने की संभावना है, जबकि पंजाब में न्यूनतम तापमान 5–6°C और अधिकतम 22°C तक रह सकता है।
यूपी-बिहार Weather Alert : ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान
उत्तर प्रदेश के पश्चिमी जिलों में बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। अमरोहा, बिजनौर, मुजफ्फरनगर और शामली समेत कई जिलों में सफेद ओले गिरने से फसलें प्रभावित हुई हैं। मौसम विभाग ने आगरा और मुरादाबाद मंडल समेत करीब 25 जिलों में बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। वहीं बिहार के कई जिलों में घना कोहरा और सर्दी का सितम जारी है।

पहाड़ों पर बर्फबारी का कहर, हिमाचल-उत्तराखंड में येलो अलर्ट
हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश और बर्फबारी से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। हिमाचल के कुल्लू, मनाली, शिमला, किन्नौर और लाहौल-स्पीति में बर्फबारी जारी है। लाहौल-स्पीति में न्यूनतम तापमान माइनस 5°C तक पहुंच गया है। उत्तराखंड के उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और देहरादून में बारिश, जबकि केदारनाथ, बद्रीनाथ और गंगोत्री जैसे ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो रही है।
जम्मू-कश्मीर में कोल्ड डे अलर्ट, तापमान माइनस में
जम्मू-कश्मीर में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव से बारिश और बर्फबारी का दौर जारी है। श्रीनगर, गुलमर्ग, सोनमर्ग और पहलगाम समेत कई इलाकों में तापमान शून्य से नीचे चला गया है। पूरे प्रदेश में कोल्ड डे अलर्ट जारी किया गया है।
Mumbai Weather: फरवरी की शुरुआत में ही गर्मी का एहसास
महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। हालांकि मुंबई में तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है। फरवरी की शुरुआत में ही गर्मी का एहसास हो रहा है। मुंबई का न्यूनतम तापमान 22°C और अधिकतम 29°C के आसपास रहने का अनुमान है।
Tamil Nadu Weather Alert: चक्रवाती सिस्टम से भारी बारिश की चेतावनी
दक्षिण भारत में एक बार फिर मौसम बिगड़ने के संकेत हैं। तमिलनाडु के पश्चिमी घाट से सटे जिलों में निम्न दबाव के क्षेत्र के कारण बारिश हो सकती है। 5 फरवरी तक आंधी-तूफान और तेज बारिश का अंदेशा है। भारी बारिश से भूस्खलन की चेतावनी जारी की गई है, वहीं केरल और लक्षद्वीप के समुद्री इलाकों में मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।

