APK File Scam : शादियों के सीज़न की शुरुआत के साथ ही साइबर अपराधियों ने ठगी का नया तरीका अपनाया है। जिला पुलिस भिवानी ने डिजिटल वेडिंग इन्विटेशन के नाम पर भेजी जा रही दुर्भावनापूर्ण .apk फाइलों के माध्यम से हो रही साइबर ठगी को लेकर एडवाइजरी जारी की है।
एसपी भिवानी सुमित कुमार ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अनजान या संदिग्ध स्रोत से प्राप्त डिजिटल निमंत्रण लिंक को खोलने या .apk फॉर्मेट में भेजी गई एप्लीकेशन को डाउनलोड करने से बचें। व्हाट्सएप पर प्राप्त होने वाले अंजान लिंक व एंड्रॉयड फोन पर प्राप्त होने वाले अंजान लिंक को बिना सत्यापन के ना खोलें। साइबर ठग शादी के निमंत्रण (Wedding Invitation) का झांसा देकर व्हाट्सऐप, मैसेज या ईमेल के माध्यम से एक लिंक भेजते हैं।
लिंक पर क्लिक करने के बाद यूज़र को एक .apk फाइल डाउनलोड करने के लिए कहा जाता है, जो अक्सर वेडिंग कार्ड डिजाइन ऐप या व्यूअर के रूप में दिखाई देती है। वास्तव में यह एक दुर्भावनापूर्ण फाइल होती है। जैसे ही व्यक्ति इसे इंस्टॉल करता है, ठगों को उसके मोबाइल फोन तक अनधिकृत पहुंच मिल सकती है, जिससे बैंकिंग जानकारी, ओटीपी और अन्य निजी डेटा चोरी किया जा सकता है।
APK File Scam : जिला पुलिस द्वारा जारी सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण सावधानियां
- किसी भी अनजान नंबर या संदिग्ध ईमेल से प्राप्त .apk फाइल को कभी डाउनलोड या इंस्टॉल न करें।
- यदि किसी परिचित के नाम से डिजिटल निमंत्रण प्राप्त हो, तो पहले कॉल या अन्य माध्यम से उसकी पुष्टि अवश्य करें।
- ऐप्स केवल Google Play Store (Android) या Apple App Store (iOS) जैसे आधिकारिक प्लेटफॉर्म से ही डाउनलोड करें।
- मोबाइल फोन और ऐप्स को हमेशा अपडेट रखें ताकि नवीनतम सुरक्षा फीचर्स सक्रिय रहें।
- किसी भी ऐप को इंस्टॉल करते समय उसकी मांगी गई अनुमतियों (Permissions) को ध्यानपूर्वक पढ़ें।
- व्हाट्सऐप या अन्य मैसेजिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से प्राप्त किसी भी .apk फाइल या संदिग्ध लिंक को ओपन न करें। अनजान नंबरों से आने वाले कॉल या मैसेज पर भरोसा न करें। किसी भी थर्ड-पार्टी सोर्स से ऐप डाउनलोड करना गंभीर जोखिम हो सकता है।
- फर्जी ऐप्स की जांच कैसे करें : Android स्मार्टफोन में Google Play Store पर जाएं, प्रोफाइल आइकन पर टैप करें और Play Protect विकल्प चुनें।
- वहां “Scan” या “Check for Harmful Apps” विकल्प के माध्यम से अपने फोन में मौजूद संभावित खतरनाक ऐप्स की जांच करें और संदिग्ध ऐप्स को तुरंत अनइंस्टॉल करें।
- यदि कोई व्यक्ति अनजाने में ऐसी साइबर ठगी का शिकार हो जाता है या उसके खाते से अवैध लेन-देन होता है, तो तुरंत साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या नजदीकी साइबर थाना/पुलिस स्टेशन से संपर्क करें।
- जिला पुलिस भिवानी आमजन से अपील करती है कि डिजिटल सतर्कता ही साइबर सुरक्षा की पहली शर्त है। जागरूक रहें, सुरक्षित रहें।
—पुलिस प्रवक्ता, जिला पुलिस भिवानी।

