Haryana Lado Lakshmi Yojana : हरियाणा सरकार ने दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना का दायरा बढ़ाने का फैसला लिया है। बजट सत्र में सीएम नायब सिंह सैनी ने घोषणा की कि जिन परिवारों की वार्षिक आय 1 लाख 80 हजार तक है, उन महिलाओं को भी लाडो लक्ष्मी योजना का लाभ मिलेगा। 25 सितंबर 2026 से यह फैसला लागू हो जाएगा। इससे लाखों महिलाओं को राहत मिलेगी।
बता दें कि अब तक जिन परिवारों की वार्षिक आय 1 लाख रुपए तक है, वहीं महिलाएं लाडो लक्ष्मी योजना का लाभ ले रही है। अब इस योजना का दायरा बढ़ जाएगा। 1 लाख 80 हजार रुपए वार्षिक आय वाली महिलाएं भी लाडो योजना का लाभ ले पाएंगी। पिछले दिनों सीएम नायब सिंह सैनी ने ये भी घोषणा की थी कि जिन महिलाओं के बच्चे दसवीं, 12वीं की बोर्ड परीक्षा में 80 प्रतिशत से ज्यादा अंक लेकर आएंगे तो उन महिलाओं को भी लाडो योजना का लाभ मिलेगा। सरकार द्वारा इसके लिए 6,500 करोड़ रुपए का बजट रखा गया है।

Haryana budget : बजट सत्र में महिलाओं को और क्या-क्या मिला
सीएम नायब सिंह सैनी ने घोषणा की है कि महिलाओं को अपने नाम पर व्हीकल खरीदने पर टैक्स में एक प्रतिशत की छूट मिलेगी। हरियाणा में बरवाला, नरवाना, समालखा, महम, पेहोवा, रादौर, लोहारू में 7 नए महिला थाना खुलेंगे। पिंक कैब योजना के तहत वाहन चलाने का ट्रेनिंग और इलेक्ट्रिक वाहनों की खरीद के लिए 10 लाख तक का लोन मिलेगा। इसके अलावा हरियाणा में एक हजार आंगनबाड़ी केंद्र को प्ले स्कूल और सक्षम आंगनबाड़ी के रूप में अपग्रेड किया जाएगा।
इसके अलावा नारी सशक्तिकरण के लिए गुरुग्राम में ‘नारी मंडपम’ स्थापित होगा। इसके अलावा उचित मूल्य की 4 हजार नई दुकानों के आवंटन में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा। महिला-समर्थ संस्थान पुरस्कार योजना शुरू होगी। हरियाणा में 3 लाख लखपति दीदी बनाई जाएंगी। अब तक 4,83,361 महिलाओं की पहचान हुई। 3 राज्य उद्यमिता विकास संस्थानों में 30 प्रतिशत सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित। प्रदेश में अभी छात्राओं के लिए 273 बसें हैं, अब इनकी संख्या बढ़ाकर 500 कर दी जाएगी।

