Haryana Nuh Driving Training Centre : पिछले 11 सालों से हरी झंडी के इंतजार में लंबित पड़े ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर के प्रोजक्ट को अब हरी झंडी मिल गई है। जी हां, हरियाणा के नूंह जिले के गांव छपेड़ा में प्रस्तावित ड्राइविंग प्रशिक्षण केंद्र के निर्माण को आखिरकार प्रशासनिक स्वीकृति मिल गई है। ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर के निर्माण पर कुल 32 करोड़ 63 लाख रुपये खर्च होंगे और सरकार चार चरणों में इसे पूरा करेगी।
पहले चरण में 7 करोड़ 74 लाख, दूसरे में 12 करोड़ 97 लाख, तीसरे में 2 करोड़ 1 लाख और चौथे चरण में 9 करोड़ 91 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। करीब 10 एकड़ पंचायत भूमि पर बनने वाला यह केंद्र जिले के ड्राइवरों के लिए प्रशिक्षण और लाइसेंस दोनों सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराएगा। इसके शुरू होने से लोगों को हैवी ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए दूर-दराज के शहरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। मेवात क्षेत्र में ड्राइविंग लंबे समय से प्रमुख आजीविका का साधन रही है, इसलिए इस केंद्र की मांग वर्षों से उठती रही थी।
Haryana driving training centre : 2016 में हुई थी घोषणा
इस परियोजना की घोषणा पूर्व कांग्रेस सरकार के दौरान की गई थी और 23 अक्टूबर 2016 को मुख्यमंत्री घोषणा संख्या 15241 के तहत इसे स्वीकृति भी मिली थी, लेकिन विभिन्न कारणों से योजना वर्षों तक अटकी रही। इस बीच परिवहन विभाग की कार्यशाला में वैकल्पिक प्रशिक्षण तो शुरू किया गया, पर उसे पर्याप्त नहीं माना गया। छपेड़ा गांव की पंचायत ने कई वर्ष पहले ही लगभग 10 एकड़ भूमि हस्तांतरित कर दी थी, लेकिन डिजाइन और औपचारिकताओं में मामला उलझा रहा।

पिछले वर्ष तत्कालीन उपायुक्त विश्राम कुमार ने डिजाइन तैयार कराकर प्रक्रिया को गति दी। अब डिजाइन फाइनल होने के बाद भवन निर्माण की प्रशासनिक स्वीकृति भी जारी कर दी गई है। लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता प्रदीप संधू के अनुसार स्वीकृति के बाद टेंडर प्रक्रिया और निर्माण की दिशा में तेजी से कदम बढ़ाए जाएंगे।
Haryana driving training centre : आधुनिक तकनीक आधारित ट्रेनिंग मिलेगी
प्रस्तावित संस्थान में अत्याधुनिक ड्राइविंग ट्रैक, थ्योरी कक्षाएं, सिमुलेटर लैब, प्रशासनिक भवन, पार्किंग और सुरक्षा मानकों के अनुरूप प्रशिक्षण व्यवस्था विकसित की जाएगी। यहां हल्के और भारी दोनों प्रकार के वाहनों की व्यावसायिक ड्राइविंग सिखाई जाएगी, साथ ही सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों से जुड़े प्रशिक्षण कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे।
इस केंद्र के शुरू होने से मेवात क्षेत्र के युवाओं को अपने जिले में ही आधुनिक तकनीक आधारित प्रशिक्षण मिलेगा, जिससे समय और धन की बचत होगी। प्रशिक्षित चालकों की संख्या बढ़ने से सड़क हादसों में कमी आने की संभावना भी जताई जा रही है। साथ ही स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षकों, तकनीकी स्टाफ और प्रशासनिक कर्मचारियों के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
विधायक आफताब अहमद ने कहा कि इस योजना को जमीन पर उतारने के लिए पिछले 11 वर्षों से लगातार प्रयास किए जा रहे थे। अब प्रशासनिक स्वीकृति और बजट आवंटन के बाद उम्मीद है कि जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी और निर्माण कार्य गति पकड़ेगा, जिससे नूंह जिला आने वाले समय में व्यावसायिक ड्राइविंग प्रशिक्षण का महत्वपूर्ण केंद्र बन सकता है।

