Haryana Roadways bus accident : हरियाणा के जींद जिले में शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां हरियाणा रोडवेज द्वारा हायर की गई किलोमीटर स्कीम की एक बस डिवाइडर से टकराने के बाद सड़क किनारे खड़ी लोडिंग गाड़ी में जा घुसी और पलट गई। हादसे के समय बस में 50 से अधिक यात्री सवार थे। इस दुर्घटना में सभी यात्रियों को चोटें आई हैं, जबकि ड्राइवर समेत 5 से 6 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को तुरंत उचाना और जींद के अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार HR-56GV-6198 नंबर की हरियाणा रोडवेज बस जींद-नरवाना रोड पर उचाना से होते हुए जयपुर जा रही थी। जब बस जींद की ओर बढ़ते हुए बड़ौदा गांव के पास पहुंची, तभी वह अचानक डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर के बाद बस का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे खड़ी एक लोडिंग गाड़ी से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि लोडिंग गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद बस सड़क से नीचे उतरकर करीब 20 मीटर अंदर तक चली गई और पलट गई।
Haryana Roadways bus accident : महिला यात्री ने बताया- वीडियो कॉल पर था ड्राइवर
बस में सवार महिला यात्री प्रवीण डूमरखा ने बताया कि हादसे के समय बस तेज गति से चल रही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि ड्राइवर मोबाइल फोन पर वीडियो कॉल कर रहा था, जिसके कारण उसका ध्यान सड़क से हट गया। अचानक नियंत्रण बिगड़ने से बस पहले डिवाइडर से टकराई और फिर लोडिंग गाड़ी से जा भिड़ी।

शौच के लिए रुका था लोडिंग गाड़ी का चालक
लोडिंग गाड़ी के चालक पंकज ने बताया कि वह उचाना का रहने वाला है और अपनी गाड़ी का काम करवाने के लिए जींद जा रहा था। रास्ते में वह शौच के लिए गाड़ी सड़क किनारे खड़ी कर नीचे उतर गया था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार बस आकर उसकी गाड़ी से टकरा गई। उन्होंने बताया कि बस में करीब 50 से ज्यादा यात्री सवार थे। हादसे के बाद उन्होंने तुरंत डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी।
Haryana Roadways bus accident : ड्राइवर समेत 6 लोग गंभीर घायल
ट्रैफिक पुलिस के एसएचओ शमशेर सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम करीब 10 मिनट के भीतर मौके पर पहुंच गई। इसके बाद 10 से 15 मिनट के अंदर सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से उचाना और जींद के अस्पतालों में पहुंचाया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस तेज गति में थी। डिवाइडर से टकराने के बाद बस का संतुलन बिगड़ गया और वह साइड में खड़ी लोडिंग गाड़ी से जा टकराई। हादसे में ड्राइवर समेत 5 से 6 लोगों को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि अन्य यात्रियों को हल्की चोटें लगी हैं।

