Sonipat ACB Raid Patwari bribe : हरियाणा में एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने महिला पटवारी को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। महिला पटवारी जमीन के मालिकाना हक से जुड़े किसी काम के बदले में रिश्वत की मांग कर रही थी। मामला सोनीपत जिले के खरखौदा का है।
आरोप है कि महिला पटवारी ने व्यक्ति को कहा था कि यहां बिना रिश्वत काम नहीं होता। इसके बाद व्यक्ति ने एंटी करप्शन ब्यूरो में शिकायत दर्ज कराई। ACB ने योजना बनाकर जाल बिछाया और पटवारी के साथ एक चायवाले को गिरफ्तार लिया। चाय वाला ही महिला पटवारी की तरफ से रिश्वत की राशि लेने के लिए आया था।
Sonipat ACB Raid : ये था पूरा मामला
एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) सोनीपत के इंस्पेक्टर जगजीत ने बताया कि उन्हें सिसाना गांव निवासी अनिल की शिकायत मिली थी। अनिल ने शिकायत में बताया था कि उसका 450 गज का एक पंचायती प्लाट है और इस पर उसका पिछले 25 सालों से कब्जा चला आ रहा है। सरकार का नियम है कि 20 साल से ज्यादा कब्जा होने पर निर्धारित राशि जमा करवाकर इस पर मालिकाना हक ले सकता है। वह भी इस प्लाट की रजिस्ट्री करवाने के लिए वह फाइल लगाना चाहता है। महिला पटवारी सुदेश जानबूझ कर फाइल को अटका रही थी।

महिला पटवारी ने कहा कि यहां काम ऐसे नहीं होते, काम के लिए रिश्वत देनी पड़ेगी। महिला पटवारी सुदेश ने फाइल पास करने की एवज में 25 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की। इसके बाद 20 हजार रुपए में डील हो गई। अनिल ने एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम को शिकायत दी।
अनिल ने बताया कि इस मामले में गांव सिसाना निवासी चाय बनाने वाले कृष्ण चंद को भी शामिल किया गया था।शिकायतकर्ता ने 20 हजार की रिश्वत कृष्ण चंद को दी थी, जो यह राशि पटवारी तक पहुंचाने वाला था। जैसे ही चाय बनाने वाला कृष्ण चंद रिश्वत की रकम लेकर पटवारी सुदेश के पास पहुंचा, ACB की टीम ने मौके पर दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

