Tatiri song rap controversy : चंडीगढ़। हरियाणवी गाने टटीरी के रैप में इस्तेमाल किए गए आपत्तिजनक शब्दों को लेकर हरियाणा में बवाल हो गया है। खापों से लेकर सामाजिक संस्थाएं गाने में प्रयोग किए गए सिंगर बादशाह के रैप के आपत्तिजनक शब्दों के विरोध में उतर आई और इसकी शिकायत महिला आयोग को की। महिला आयोग ने सिंगर, रैपर बादशाह को नोटिस जारी करते हुए 13 मार्च को तलब किया है।
बता दें कि हरियाणवी फोक सॉन्ग ‘टटीरी’ में सिंगर व रैपर बादशाह ने रीमिक्स रैप (Tatiri song rap) किया है। गाने के कुछ बोल और वीडियो में दिखाई गई तस्वीरों को लेकर महिला आयोग ने आपत्ति जताते हुए नोटिस भेजकर जवाब मांगा हे। यह नोटिस पानीपत की सामाजिक संस्था नारी तू नारायणी की अध्यक्ष सविता आर्य और शिव आरती फाउंडेशन के प्रमुख शिव कुमार की शिकायत के आधार पर जारी किया गया है।

Tatiri song rap : आया बादशाह डोली चढ़ाने, इन सबकी घोड़ी बनाने लाइनों पर आपत्ति
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि टटीरी गाने में इस्तेमाल की गई कुछ शब्दावली आपत्तिजनक है और इससे महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचती है। खास तौर पर गाने की लाइन “आया बादशाह डोली चढ़ाने, इन सबकी घोड़ी बनाने” पर आपत्ति जताई गई है। उनका कहना है कि इस तरह के बोल समाज में महिलाओं के प्रति गलत संदेश दे सकते हैं।
गाने के वीडियो को लेकर भी विवाद खड़ा हो गया है। शिकायत में कहा गया है कि वीडियो में स्कूल ड्रेस पहने नाबालिग बच्चियों को हरियाणा रोडवेज की बस पर चढ़कर नाचते हुए दिखाया गया है। साथ ही कुछ दृश्यों में बच्चियों को स्कूल बैग और किताबें फेंकते हुए भी दिखाया गया है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि ऐसे दृश्य बच्चों के लिए गलत संदेश दे सकते हैं और पढ़ाई के प्रति नकारात्मक प्रभाव डाल सकते हैं।

Tatiri song : टटीरी मूल रूप से हरियाणवी लोकगीत
इस मामले में रोहतक के एडवोकेट राज नारायण पंघाल ने भी राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग को शिकायत भेजी है। उनका कहना है कि वीडियो में नाबालिग बच्चियों को जिस तरह से दिखाया गया है, वह बच्चों के अधिकारों और उनकी गरिमा से जुड़ा गंभीर मामला है, इसलिए इसकी जांच की जानी चाहिए। वहीं इस पूरे विवाद को लेकर सहारण खाप ने भी आपत्ति दर्ज कराई है। खाप प्रतिनिधियों का कहना है कि हरियाणवी संस्कृति और समाज से जुड़े गीतों में इस तरह की भाषा और दृश्य नहीं होने चाहिए।
उल्लेखनीय है कि ‘टटीरी’ मूल रूप से एक हरियाणवी लोकगीत है, जिसे हरियाणवी सिंगर कर्मबीर फौजी की बेटी और बॉक्सर सिमरन जागलान की आवाज में गाया गया है। इस गीत का रीमिक्स रैप संस्करण हाल ही में रिलीज हुआ था, जिसकी शूटिंग जींद जिले में की गई थी। रिलीज के बाद से ही गाने के बोल और वीडियो को लेकर विवाद खड़ा हो गया। फिलहाल पूरे मामले में अब सबकी नजर 13 मार्च पर टिकी है, जब बादशाह को महिला आयोग के सामने पेश होकर अपना पक्ष रखना होगा।

