Tateeree Song Controversy FIR : हरियाणवी गीत टटीरी में रैपर व सिंगर बादशाह द्वारा आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग करने के बाद मामला लगातार तूल पकड़ रहा है। अब जींद पुलिस ने रैपर बादशाह के खिलाफ दो एफआईआर दर्ज की हैं। एक शिकायत रोडवेज के जीएम द्वारा और दूसरी शिकायत शिक्षा विभाग द्वारा दी गई है, क्योंकि गाने में रोडवेज विभाग से अनुमति लिए बिना जींद रोडवेज की बस और नरवाना क्षेत्र के सच्चा खेड़ा गांव के प्राइमरी स्कूल का प्रयोग किया है और दोनों के लिए अनुमति (Tateeree Song jind police FIR) नहीं ली गई।
पुलिस मामला दर्ज करने की कार्रवाई कर रही है। यह साफ हो गया है कि गाने की शूटिंग के लिए सच्चा खेड़ा का राजकीय प्राथमिक स्कूल का प्रयोग हुआ है, लेकिन यह कब हुआ है, इसकी किसी को कोई जानकारी नहीं है। वीडियो में सच्चाखेड़ा पाठशाला की जगह बादशाला लिखा हुआ दिखाई दे रहा है। वहीं रोडवेज विभाग की तरफ से कहा गया कि उनकी बस का प्रयोग नहीं हुआ है, लेकिन इस प्रकार रोडवेज की छवि को धूमिल करने की कोशिश की गई है। इसके लिए न तो रोडवेज से अनुमति ली गई और न ही कोई बस लीज पर ली गई। खैर कुछ भी हो, लेकिन इस गाने पर विवाद (Tateeree Song contoversy) खड़ा हो गया है।

Tateeree Song Controversy : रोडवेज की बस पर नाच रही लड़कियां, जींद डिपो की बस दिख रही
दरअसल टटीरी गाने में एक रोडवेज की बस पर लड़कियां नाचती दिखाई दे रही हैं। हरियाणा राज्य परिवहन जींद डिपो के महाप्रबंधक ने इस मामले में शिकायत सिविल लाइन थाना को दी है। जींद डिपो के महाप्रबंधक राहुल जैन ने सिविल लाइन थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि टटीरी गाने में आदित्य प्रतीक सिंह सिसोदिया (बादशाह गायक) हरियाणा राज्य परिवहन की बस अथवा हरियाणा राज्य परिवहन जींद के अंतर्गत किलोमीटर स्कीम के तहत चलने वाली लीज बस का प्रयोग किया जाना संज्ञान में आया है।
इस गाने में प्रयोग की गई बस के संबंध में इस आगार से पूर्व में कोई अनुमति नहीं ली गई है। न ही इस से रोडवेज का कोई लेना-देना है। सरकारी विभाग की बस, नाम व चिह्न अथवा पहचान का बिना परमिशन के किसी व्यवसायिक वीडियो, गीत में उपयोग करना उचित नहीं है। इस गाने में लड़कियों के लिए अभद्र भाषा का भी प्रयोग किया गया है। इस कारण इस आगार व परिवहन विभाग की छवि धूमिल हुई है। इसलिए आदित्य प्रतीक सिंह सिसोदिया (बादशाह गायक) के खिलाफ कार्रवाई की जाए। रोडवेज महाप्रबंधक ने पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की है।

स्कूल में गाना कब शूट हुआ, ये स्टाफ की भी जानकारी में नहीं था : डीईओ
वहीं जिला शिक्षा अधिकारी ऋतु पंघाल ने कहा कि शुक्रवार शाम को उनके संज्ञान में ये मामला आया था। बीईओ नरवाना से इस मामले की जानकारी लेते हुए उन्हें तुरंत गाने के गायक के खिलाफ एफआइआर दर्ज करवाने के लिए कहा गया। सच्चा खेड़ा गांव के प्राइमरी स्कूल के भवन को इस गाने में दिखाया गया है। स्कूल में चौकीदार नहीं है। स्कूल में कब ये शूटिंग हुई, ये स्कूल स्टाफ की भी जानकारी में नहीं था। गाने को स्कूल में शूट करने के लिए शिक्षा विभाग से कोई अनुमति नहीं ली गई है। गाने में जो लड़कियां नाच रही हैं, वह स्कूल की नहीं हैं।
एसपी के प्रवक्ता राजेश कुमार ने बताया कि रोडवेज जीएम की शिकायत पर जींद सिविल लाइन थाना में गाने के गायक के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है। वहीं सदर थाना नरवाना में बीईओ की शिकायत पर मामला दर्ज हुआ है। संबंधित थाना पुलिस मामले की जांच कर रही हैं।

