एकता क्रांति न्यूज।
Haryanvi Song controversy : हरियाणा में हाल ही में रिलीज हुए कॉलेज वाली छोरी गाने को लेकर विवाद शुरू हो गया है। रोडवेज कर्मचारियों ने आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायत दी है कि गाने में कंडक्टरों की छवि खराब करने की कोशिश की गई है, इसलिए गाने को यूटयूब से हटाया जाए और गाना बनाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
बता दें कि हरियाणा रोडवेज हिसार डिपो के कर्मचारियों ने एक हरियाणवी गाने को लेकर कड़ी आपत्ति जताई है। कर्मचारियों द्वारा हिसार शहर थाना एसएचओ को दी शिकायत में आरोप लगाया गया है कि हाल ही में यूट्यूब पर रिलीज हुए “कॉलेज वाली छोरी” नामक गाने में रोडवेज के कंडक्टर पद के बारे में आपत्तिजनक और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया है।
Haryanvi Song controversy : कंडक्टरों की छवि धूमिल करने का प्रयास
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि गाने (COLLEGE AALI CHHORI) में न केवल कंडक्टरों की छवि को धूमिल करने का प्रयास किया गया है, बल्कि कॉलेज जाने वाली लड़कियों और महिलाओं के प्रति भी गलत टिप्पणियां की गई हैं। रोडवेज कर्मचारियों के अनुसार इस गाने से समाज में कंडक्टरों और छात्राओं के प्रति गलत संदेश गया है, जिससे कर्मचारियों की सामाजिक प्रतिष्ठा और कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

शिकायतकर्ताओं का कहना है कि गाने की सामग्री से उनकी बहन-बेटियों की भावनाएं भी आहत हुई हैं और इससे रोडवेज विभाग की साफ-सुथरी छवि को नुकसान पहुंचा है। शिकायत में अधिकारियों से मांग की गई है कि मामले का संज्ञान लेते हुए उक्त गाने को यूट्यूब से हटवाया जाए तथा गाने के लेखक, निर्देशक और गायक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
Haryanvi Song controversy : ऐसे गीत बनाने वालों के खिलाफ हो कार्रवाई
कर्मचारियों का कहना है कि इस प्रकार की सामग्री (COLLEGE AALI CHHORI song) भविष्य में सरकारी कर्मचारियों की कार्यप्रणाली और सम्मान पर जनता के बीच अनावश्यक संदेह पैदा कर सकती है। शिकायतकर्ताओं ने यह भी कहा कि हरियाणा रोडवेज कर्मचारी अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करते हैं और ऐसे गीतों के माध्यम से उनकी छवि खराब करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई है कि प्रशासन इस मामले में उचित कदम उठाकर कर्मचारियों और महिलाओं के सम्मान की रक्षा करेगा।



