एकता क्रांति न्यूज नेटवर्क।
Jind news : हरियाणा के जींद में नए बस स्टैंड पर एक चार महीने की बच्ची मिली। बच्ची के पास ही पर्ची भी मिली, जिसमें उसके पिता का एड्रेस दिया हुआ था। पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए बच्ची को पहले सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया और उपचार करवाया। इसके बाद उसके पिता का एड्रेस ट्रेस कर उससे संपर्क साधा और उसके बाद बच्चे की कांउसिलिंग के बाद उसे सौंपा।
शुक्रवार सुबह जींद नए बस स्टैंड के अंदर बने बेबी फीड सेंटर में पौने नौ बजे एक करीब चार माह की बच्ची मिली। बच्ची के पास ही दीवार पर एक पर्ची चस्पा करके लिखा था कि इसके पिता खरकरामजी गांव से हैं। इस बच्ची को उनके पास पहुंचा देना। मैं इसकी कुछ नहीं लगती। पुलिस ने बच्ची के पिता की तलाश करके उससे संपर्क किया। उसको बुलाकर बच्ची सौंप दी।
Jind news : बच्चों को दूध आदि पिलाने के लिए बनाया गया है बेबी फीड सेंटर
जींद बस स्टैंड के अंदर बेबी फीड सेंटर बनाया गया है। इस कमरे में बैठकर माताएं अपने बच्चों को दूध पिला सकती हैं। यहां पर शुक्रवार सुबह पौने नौ बजे लोगों ने एक बच्ची को देखा। वह रो रही थी। बच्ची के पास ही दीवार पर एक पर्ची चस्पा की गई थी। इसमें लिखा था कि इस बच्ची के पिता गांव खरकरामजी के रहने वाले हैं। इस बच्ची को उनके पास पहुंचा दिया जाए। सूचना मिलने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची को नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया।
इसकी सूचना महिला एवं बाल विकास विभाग को दी। इसके बाद खरकरामजी गांव में संपर्क किया गया। सिविल लाइन थाना प्रभारी आशीष ने बताया कि बच्ची के पिता आ गए थे। पति-पत्नी में कुछ अनबन हो गई थी। इसलिए महिला बच्ची को बस स्टैंड के बेबी सेंटर में छोड़ कर चली गई थी। बच्ची उसके पिता को सौंप दी है।



