Jind census 2026 : जींद में जनगणना को डिजिटल माध्यम से करवाने के लिए सोमवार को कर्मचारियों का प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हो गया है। नगर परिषद कार्यालय और डीआरडीए हाल में कर्मचारियों के लिए विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। ये प्रशिक्षण आठ अप्रैल तक जारी रहेगा। जिले में जनगणना में तीन हजार से ज्यादा शिक्षकों की ड्यूटी लगेगी। ब्लाक अनुसार शिक्षकों की ड्यूटी लगाई जा रही हैं। कई शिक्षक जनगणना कार्य से अपनी ड्यूटी कटवाने के लिए भी सिफारिशें करवा रहे हैं। सीसीएल (चाइल्ड केयर लीव) के लिए भी काफी एप्लीकेशन आ चुकी हैं। चाइल्ड केयर लीव पर फैसला डीसी को लेना है। जब तक ड्यूटी के लिए स्टाफ पूरा नहीं होता, तब सीसीएल को होल्ड पर रखा गया है।
सभी कर्मचारियों को किया गया अलर्ट (Jind census 2026)
शिक्षकों को जनगणना का कार्य स्कूल समय के बाद करना है, ताकि बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित ना हो। सोमवार को नगर परिषद कार्यालय में प्रशिक्षण कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए नगर परिषद कार्यकारी अधिकारी ऋषिकेश चौधरी ने कहा कि जनगणना के प्रथम चरण में हाउस लिस्टिंग यानी घरों की गणना का कार्य किया जाएगा। सभी कर्मचारियों से कहा, वे इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी को पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ निभाएं।

इस बार जनगणना में तकनीकि का उपयोग किया जाएगा (Jind census 2026)
डिजिटल मोड में की जाने वाली जनगणना न केवल प्रक्रिया को पारदर्शी और सटीक बनाएगी, बल्कि विकास कार्यों की योजना बनाने में भी अहम भूमिका निभाएगी। उपस्थित प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि इस बार की जनगणना में तकनीक का अधिकतम उपयोग किया जा रहा है। फील्ड ट्रेनर सभी कर्मचारियों को मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से मकान सूचीकरण और डेटा अपलोड करने की प्रक्रिया का गहन अभ्यास करवा रहे हैैँ।
किसी भी प्रकार की त्रुटि की गुंजाइश (Jind census 2026)
प्रशिक्षण केंद्रों का संचालन दो अलग-अलग स्थानों नगर परिषद कार्यालय और डीआरडीए हाल में किया जा रहा है। ताकि प्रत्येक कर्मचारी को तकनीकी बारीकियां स्पष्ट हो सकें। चार्ज आफिसर ने निर्देश दिए कि गणना के दौरान किसी भी प्रकार की त्रुटि की गुंजाइश नहीं होनी चाहिए। भवनों के चिन्हीकरण और परिवारों के विवरण को पूरी सावधानी से दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं।

दोनों प्रशिक्षण केंद्रों का दौरा (Jind census 2026)
प्रगणकों को फील्ड में जाते समय पहचान पत्र साथ रखने और आमजन के साथ विनम्रता से पेश आने के लिए विशेष रूप से प्रशिक्षित किया गया। जिला राजस्व अधिकारी राजकुमार और जिला शिक्षा अधिकारी रितु ने दोनों प्रशिक्षण केंद्रों का दौरा कर प्रशिक्षण की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण समापन के पश्चात सभी प्रगणकों व सुपरवाइजरों को उनके ब्लाक और चार्ज सौंप दिए जाएंगे। इस अवसर पर फील्ड स्टाफ के सदस्य मनोज सिवाच और मनजीत भी मौजूद रहे।
स्टाफ पूरा होने तक सीसीएल एप्लीकेशन को होल्ड पर रखा है : डीआरओ (Jind census 2026)
डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने कहा कि जनगणना को लेकर कर्मचारियों को प्रशिक्षण देना शुरू कर दिया गया है। अलग- अलग बैच में कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। शिक्षा विभाग के साथ- साथ दूसरे विभागों के कर्मचारियों का भी डाटा मांगा गया है। जनगणना के कार्य के लिए जब तक स्टाफ पूरा नहीं होता, तब तक सीसीएल के लिए आई एप्लीकेशन होल्ड पर रखी गई हैं।

