Jind Safidon news : हरियाणा के जींद जिले के सफीदों क्षेत्र में दो युवकों से 40 लाख रुपये की 12 किलोग्राम चांदी की लूट की घटना फर्जी पाई गई है। बुढ़ाखेड़ा गांव के पास जिन दो युवकों ने चार अज्ञात नकाबपोश युवकों पर 40 लाख रुपये की चांदी लूटने के आरोप लगाए थे, दोनों ने खुद ही यह षड़यंत्र रचा था।
दरअसल दोनों युवक केसरी इंटरप्राइजिज दिल्ली से चांदी के लॉकेट व अंगूठी लेकर आते थे और उनकी सप्लाई जींद व आसपास करते थे। कंपनी का माल हड़पने के लिए दोनों युवकों ने लूट की यह झूठी साजिश रची। दोनों से पुलिस ने चांदी बरामद कर ली है। पुलिस पूरे घटनाक्रम (Jind robbery fake) का खुलासा आज करेगी।
सफीदों सदर थाना पुलिस को शिकायत देकर जींद की श्याम नगर कालोनी निवासी सन्नी ने कहा था कि वह और उसका साथी गांव राजपुरा भैण निवासी संदीप दिल्ली की केसरी इंटरप्राइजिज से चांदी के लोकेट व अंगूठी लेकर आते हैं व जींद के आसपास के शहरों में इसकी सप्लाई करते हैं। सन्नी ने बताया कि 26 जनवरी को वह चांदी के जेवरात लेकर सफीदों व असंध में मार्केटिंग के लिए बाइक पर गए थे। असंध में दर्जनभर दुकानों पर मार्केटिंग के बाद उन्होंने सफीदों में मार्केटिंग की।
Jind robbery fake : ऐसे बनाई थी लूट की कहानी
बाइक के टायर में दिक्कत होने के कारण उनको सफीदों में ही रात हो गई। जब उनकी बाइक ठीक हुई तो वह रात को 10 बजे के बाद सफीदों से जींद के लिए निकले। गांव बुढ़ाखेड़ा के पास दो बाइकों पर सवार चार नकाबपोश युवकों ने उनकी बाइक को लात मारकर गिरा दिया। इसमें उन्हें चोटें नहीं लगी। इसके बाद आरोपित चांदी के जेवरात से भरे बैग उनसे छीनकर फरार हो गए। दोनों बैग में लगभग 12 किलोग्राम चांदी थी। सफीदों पुलिस ने सन्नी की शिकायत पर अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
Jind robbery fake : दोनों के अलग-अलग बयान से हुआ पुलिस को हुआ संदेह
रात को ही पुलिस ने सूचना मिलने के बाद नाकाबंदी शुरू कर दी थी। दोनों ने पुलिस को जो रूट बताए थे, उनकी जांच की गई। पुलिस को दोनों के बयानों पर ही संदेह होने लगा। इसके बाद जींद सीआइए को जिम्मा सौंपा गया। जींद सीआइए ने दोनों से अलग-अलग बयान लिए। इसमें पता चलता कि दोनों के बयानों के बीच कोई मैच ही नहीं है।
पुलिस ने जब दोनों से कड़ाई से पूछताछ की तो दोनों ने स्वीकार किया कि यह लूट की झूठी साजिश उन्होंने खुद ही रची थी। दोनों ने कहा कि कंपनी का माल वह हड़पने वाले थे। लूट की एफआईआर के बाद कंपनी को क्लेम मिल जाता और उनको यह चांदी। पुलिस ने दोनों से चांदी भी बरामद कर ली है। अब पुलिस इनके खिलाफ ही मामला दर्ज करेगी।
Jind robbery fake : एसपी कुलदीप सिंह ने किया खुलासा
एसपी कुलदीप सिंह ने कहा कि दोनों ने खुद ही लूट की झूठी साजिश रची थी। पुलिस को प्रारंभिक जांच में ही दोनों पर संदेह होने लग गया था। जब उनसे अलग-अलग पूछताछ की तो बयान अलग-अलग मिले। बाद में दोनों ने स्वीकार कर लिया है कि उन्होंने ही यह षड़यंत्र रचा था। पुलिस ने एक युवक से लगभग साढ़े पांच किलोग्राम चांदी बरामद कर ली। दूसरे युवक के पास भी दो किलोग्राम के आसपास चांदी बताई जा रही, उसे भी बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है।

