Jind LPG GAS : अमेरिका- इजराइल और ईरान के बीच युद्ध की वजह एलपीजी गैस को लेकर आ रही किल्लत के चलते होटलों को सरकार की तरफ से पीएनजी के कनेक्शन लेने के लिए कहा गया है। लेकिन अभी तक जिले में पीएनजी की सप्लाई नहीं आई है। वहीं घरेलू उपभोक्ता भी पीएनजी का कनेक्शन ले सकते हैं। जिले में जींद व सफीदों में कुछ स्थानों पर पीएनजी लाइन डाली गई है।
जींद शहर में सेक्टरों में मकानों के अंदर तक पीएनजी कनेक्शन की फिटिंग हो चुकी है। पिछले साल सेक्टरवासियों से 354 रुपये लेकर आनलाइन कनेकशन भी अप्लाई करवाया गया था। लेकिन उसके बाद से कोई प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ी है। ऐसे में शहर में पीएनजी की सप्लाई शुरू होने में अभी काफी समय लग सकता है।
दूसरी तरफ घरेलू एलपीजी सिलिंडर के लिए लोगों की परेशानी कम नहीं हो रही है। सोमवार को सिलिंडर नहीं मिलने पर लोगों ने गोहाना रोड पर जाम लगा दिया था। मंगलवार सुबह आठ बजे से पहले ही लोग हुडा ग्राउंड में गैस सिलिंडर लेने के लिए पहुंच गए। दोपहर एक बजे के बाद एजेंसी कर्मी सिलिंडर की गाड़ी लेकर पहुंचे। 331 लोगों को सिलिंडर मिले और करीब 40 लोगों को बगैर सिलिंडर नहीं मिल पाया। डीआरडीए के सामने हुडा मार्केट में एचपी गैस और इंडेन गैस एजेंसी के कार्यालय पर सिलिंडर की बुकिंग के लिए दोपहर तक लोगों की लाइन लगी रही।

कनेक्शन अप्लाई करने के 354 रुपये लिए गए, चालू नहीं हुआ (Jind LPG GAS)
सेक्टर आठर रेजिडेंस वेलफेयर सोसायटी के प्रधान सतबीर बांगड़ ने बताया कि सेक्टरों में पीएनजी की लाइन दबाई हुई है और रसोई के अंदर भी पिछले फिटिंग की गई थी। उनसे 354 रुपये लेकर आनलाइन कनेक्शन अप्लाई करवाया गया था। लेकिन उसके बाद संबंधित कंपनी की तरफ से कोई नहीं आया। अगर पीएनजी के कनेक्शन चालू हो जाते, तो एलपीजी सिलिंडर की जरूरत नहीं पड़ती।
लाइब्रेरी से छुट्टी करके तीन दिन लाइन में लगा (Jind LPG GAS)
हुडा ग्राउंड में सिलिंडर लेने पहुंचे भिवानी रोड निवासी दिनेश ने बताया कि तीन दिन पहले पर्ची कटवाई थी और मंगलवार को सिलिंडर मिल पाया है। तीन दिन से वह पांच से छह घंटे लाइन में लग रहा था। सिलिंडर लेने के लिए लाइब्रेरी से भी छुट्टी करनी पड़ी।
छह घंटे लाइन में लगने के बाद सिलिंडर मिला (Jind LPG GAS)
करीब 40 किलोमीटर झमोला से जींद सिलिंडर लेने पहुंचे करतार ने कहा कि तीन दिन से सिलिंडर लेने जींद आ रहे हैं। सोमवार को पर्ची कटी, लेकिन सिलिंडर नहीं मिला था। मंगलवार को करीब छह घंटे लाइन में लगने के बाद सिलिंडर मिला है। पहले गांव में सिलिंडर मिल जाता था, अब गांव में सप्लाई नहीं पहुंच रही।

घर में है शादी, सिलिंडर नहीं मिला (Jind LPG GAS)
निर्जन गांव के हरकेश ने बताया कि दो दिन बाद चाचा के लड़के व लड़की की शादियां हैं। जिसके लिए वह दो दिन से सिलिंडर लेने के लिए शहर के चक्कर काट रहा है। मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे जब उसका नंबर आया, तब तक सिलिंडर खत्म हो चुके थे। इसलिए खाली हाथ ही वापस जाना पड़ेगा।
केवाइसी नहीं अपडेट (Jind LPG GAS)
गांव से शहर में सिलिंडर लेने आया था। यहां आकर एजेंसी वालों ने कहा कि केवाइसी अपडेट नहीं है। इसके बारे में पता नहीं था। अब केवाइसी अपडेट करवानी होगी। इसके बाद दोबारा से आवेदन करुंगा। घर में सिलिंडर खत्म हो गया है। ऐसे में खाना पकाने के लिए चूल्हे पर लकड़ियों का सहारा लेना पड़ रहा है।
–साहब सिंह, अनूपगढ़ निवासी
गांव में एजेंसी वाले सिलिंडर देने नहीं आते। इस कारण गांव के लोगों को सिलिंडर लेने के लिए शहर आना पड़ता है। 15 दिन पहले सिलिंडर खत्म हो गया था। गांव से शहर में सिलिंडर लेने के लिए आते हैं तो सुबह ही एजेंसी के बाहर लंबी लाइन लग जाती है। कई घंटे लाइन में खड़ा रहने के बाद नंबर आता है तो पता चलता है कि सिलिंडर खत्म हो गए हैं। ऐसे में निराशाजनक खाली हाथ वापस लौटना पड़ता है।
–दीपक, बुआना निवासी

रसोई गैस की कमी नहीं, अफवाहों पर ध्यान न दें लोग : डीसी (Jind LPG GAS)
डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने कहा कि जिले में रसोई गैस की कोई कमी नहीं है। प्रत्येक ग्रामीण और शहरी पात्र उपभोक्ता को नियमानुसार निर्धारित अंतराल में नियमित रूप से गैस सिलेंडर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। उन्होंने आमजन से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराहट में गैस सिलिंडर का अनावश्यक भंडारण न करें। आवश्यकता अनुसार ही गैस सिलेंडर लें, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके। जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक को निर्देश दिए हैं, वे जिले में प्रतिदिन कितने गैस सिलेंडर बुक एवं कितने वितरित किए जा रहे हैं, इसकी रिपोर्ट डीसी कार्यालय को भेजें, ताकि पारदर्शिता बनी रहे और जनता को सही जानकारी मिल सके।
कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई, निगरानी बढ़ाई गई (Jind LPG GAS)
जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक राजेश कुमार आर्य ने बताया कि अगर किसी भी स्तर पर गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी या अनियमितता की शिकायत सामने आती है, तो विभाग द्वारा तत्काल छापेमारी कर सख्त कार्रवाई की जा रही है। अगर किसी को कहीं भी गैस सिलिंडर की कालाबाजारी करने की सूचना मिलती है, तो उसकी सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को दें। साथ ही उपभोक्ता हेल्पलाइन नंबर 1800-180-2087 पर समस्या दर्ज करवा सकते हैं।

कालाबाजारी, जमाखोरी व अनाधिकृत प्रयोग रोकने के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त (Jind LPG GAS)
जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक राजेश कुमार आर्य ने बताया कि एलपीजी गैस की कालाबाजारी व जमाखोरी और अनाधिकृत प्रयोग रोकने के लिए सहायक खाद्य एवं पूर्ति अधिकारी और निरीक्षकों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। एएफएसओ अजय सिंह (मोबाइल नंबर 8708858401) को जींद और जुलाना का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। उचाना और नरवाना के लिए राकेश कुमार एएफएसओ (मोबाईल नंबर 9812530262), सफीदों और पिल्लूखेड़ा के लिए मोहित एएफएसओ (मोबाइल नंबर 8708673767) और निरीक्षण खाद्य एवं पूर्ति अलेवा सुरेंद्र सिंह (मोबाइल नंबर 9996755395) को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। अगर जिले में कहीं भी एलपीजी गैस की कालाबजारी व जमाखोरी की सूचना किसी व्यक्ति के पास होती है, तो तुरंत संबंधित नोडल अधिकारी से संपर्क करें।
शादियों के लिए 80 कमर्शियल सिलिंडर मिले (Jind LPG GAS)
जिले में भारत गैस व एचपी गैस कंपनी जिला प्रशासन को तय कोटे अनुसार 80 कमर्शियल सिलिंडर की आपूर्ति शादियों के लिए की गई है। जिसे नियमानुसार आवेदनकर्ताओं को गैस सिलिंडर देने के लिए संबंधित गैस एजेंसियों को निर्देश जारी किए गए हैं। इसके लिए एएफएसओ अजय कुमार को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। जिसकी देखरेख में सिलिंडर का वितरण किया जाएगा।

