Rajasthan News Khatu Shyam : अगर आप बाबा खाटू श्याम के दर्शनों के लिए जाने का प्लान बना रहे हैं तो यह खबर आपके काम की है। दरअसल 19 घंटे के लिए बाबा खाटू श्याम मंदिर के कपाट बंद होंगे, इस दौरान उनकी विशेष सेवा पूजा एवं तिलक कार्यक्रम होगा।
सीकर के खाटू श्याम मंदिर कमेटी ने श्रद्धालुओं से अपील करते हुए लैटर जारी किया है कि 27 मार्च दिन शुक्रवार को बाबा श्याम प्रभू की विशेष पूजा एवं तिलक के चलते 26 मार्च की रात 10 बजे से लेकर 27 मार्च को शाम पांच बजे तक आम दर्शनार्थ बंद रहेंगे। इस दौरान मंदिर के कपाट बंद होने से आम श्रद्धालु बाबा श्याम के दर्शन नहीं कर पाएंगे। इसलिए इस अवधि के बाद ही (Khatu Shyam) दर्शनों के लिए पधारें।
वहीं दूसरी तरफ सीकर में बाबा श्याम के दरबार में दर्शनार्थियों की सुरक्षा व्यवस्था एवं आसानी से दर्शन कराने के लिए जिला एवं पुलिस प्रशासन सुविधाएं विकसित कर रहा है। सीकर पुलिस अधीक्षक (SP) प्रवीण नायक नूनावत ने बताया कि हर एकादशी, शनिवार एवं रविवार को खाटूश्यामजी में 500 होमगार्ड तैनात करते हैं, लेकिन अब पुलिस लाइन से अतिरिक्त जाप्ते के अलावा क्यूआरटी एवं आरएसी जवान भी लगाएंगे।

Khatu Shyam : श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर फोकस
एसपी का कहना है कि खाटूश्यामजी में श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था पर सबसे अधिक फोकस है। कस्बे के मुख्य दर्शन मार्ग पर CCTV कैमरे बढ़ाएं जाएंगे तो वहीं खाटूश्यामजी आने-जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए परमानेंट पार्किंग, आने-जाने के अलग-अलग रास्तों की व्यवस्था समेत अन्य सुधार किए जा रहे हैं। लक्खी मेले के दौरान हमने पार्किंग से लेकर मंदिर परिसर तक दिव्यांगों के लिए विशेष व्यवस्था की थी और अब चाहते हैं कि यही व्यवस्था बनी रहे।

