HBSE 12th result 2026 : हरियाणा के जींद जिले के नरवाना क्षेत्र के ज्ञान भारती पब्लिक स्कूल धमतान साहिब की छात्रा मुस्कान ने 497 अंकों के साथ प्रदेश में तीसरा स्थान हासिल किया। गांव धमतान साहिब निवासी मुस्कान के पिता कृष्ण पेशे से किसान हैं। माता गुड्डी गृहणी है।
मुस्कान ने दसवीं कक्षा में 485 अंक प्राप्त किए थे, लेकिन वो उसकी उम्मीद से कम थे। मुस्कान का सपना आइएएस बनने का है। जिसके लिए यूपीएससी की तैयारी करेगी। मुस्कान ने बताया कि वह स्कूल से आने के बाद घर पर आकर पांच से छह घंटे पढ़ाई करती थी। मोबाइल का प्रयोग न के बराबर करती थी। वह भी केवल से पढ़ाई से संबंधित करती थी। उसके पास मोबाइल नहीं था। उसने 12वीं कक्षा में स्थान पाने के लिए अच्छी तैयारी की थी और सभी विषयों के पेपर अच्छे हुए थे। उसको प्रदेश मेें टाप-10 में आने की उम्मीद थी।
HBSE 12th result 2026 : दुकानदार की बेटी तमन्ना ने वाणिज्य संकाय में हरियाणा में पहला स्थान
नरवाना : एसडी कन्या महाविद्यालय नरवाना की छात्रा तमन्ना ने 494 अंकों के साथ वाणिज्य संकाय में प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। नरवाना के हरिनगर वासी तमन्ना के पिता अनिल सिंगला पेशे से दुकानदार हैं। माता बबीता एसडी कन्या महाविद्यालय में ही मदर टीचर हैं। तमन्ना ने 10वीं कक्षा में 465 अंक हासिल किए थे, जोकि उसकी उम्मीद से बहुत कम थे।

तमन्ना का सपना सीए बनने का है और वो फि लहाल हिसार में सीए का कोर्स कर रही है। तमन्ना ने बताया कि वह स्कूल से आने के बाद 14 घंटे पढ़ाई करती थी। मोबाइल का प्रयोग आधा घंटे ही केवल पढ़ाई से संबंधित संदेह दूर करने के लिए करती थी। वह इंटरनेट मीडिया से दूर ही रहती थी। उसने बताया कि 12वीं कक्षा में टाप-10 में स्थान हासिल करने के लिए बहुत ज्यादा पढ़ाई की थी और नतीजा आज उसके सामने है।
तमन्ना
HBSE 12th result 2026 : दुकानदार के बेटे लक्ष्य ने वाणिज्य संकाय में हरियाणा में पाया तीसरा स्थान
नरवाना : न्यू एमडी स्कूल खरल के छात्र लक्ष्य कुमार ने 492 अंकों के साथ वाणिज्य संकाय में प्रदेश में तीसरा स्थान हासिल किया है। गांव खरल वासी लक्ष्य के पिता रमेश कुमार पेशे से दुकानदार हैं तो माता किरण गृहिणी हैं। लक्ष्य ने 10वीं में 487 अंक हासिल किए थे। उसका सपना सीए बनने का है और वह दिल्ली में सीए का कोर्स कर रहा है।
लक्ष्य ने बताया कि वह स्कूल से आने के बाद केवल सामान्य तौर पर चार घंटे ही पढ़ाई करता था। मोबाइल का प्रयोग पढ़ाई के लिए प्रयोग करता था। इंटरनेट मीडिया से उसने दूरी ही बनाए रखी। लक्ष्य ने बताया कि 12वीं कक्षा में प्रथम दस मेें आने के लिए पढ़ाई की थी और उसने तृतीय स्थान हासिल किया।

फोटोस्टेट दुकानदार की बेटी धृति ने 10वीं में भी प्रदेश में पांचवां स्थान हासिल किया था
नरवाना : एसडी कन्या महाविद्यालय नरवाना की छात्रा धृति ने 492 अंकों के साथ वाणिज्य संकाय में प्रदेश में तीसरा स्थान हासिल किया है। वार्ड नंबर 18 में आनंदपुर कुटिया के पास रहने वाली धृति के पिता ओमपाल गर्ग पेशे से दुकानदार हैं तो माता सुनिता गर्ग गृहिणी है। धृति ने 10वीं में 494 अंक हासिल कर प्रदेश में पांचवां स्थान हासिल किया था। धृति ने बताया कि उसका सपना सरकारी नौकरी करना का है।
धृति ने बताया कि वह स्कूल से आने के बाद 11 से 12 घंटे पढ़ाई करती थी और मोबाइल दो से तीन घंटे पढ़ाई के लिए करती थी। इंटरनेट मीडिया को केवल उसने पढ़ाई के लिए प्रयोग किया था। धृति ने बताया कि 12वीं कक्षा में भी टाप-10 में आने के लिए बहुत ज्यादा पढ़ाई की थी और उसने तृतीय स्थान हासिल किया था।
डीजे संचालक की बेटी अंशिका ने प्रदेश में हासिल किया तीसरा स्थान
नरवाना : एसडी कन्या महाविद्यालय नरवाना की छात्रा अंशिका ने 492 अंकों के साथ वाणिज्य संकाय में प्रदेश में तीसरा स्थान हासिल किया। धौला कुआं वासी अंशिका के पिता अनिल डीजे संचालक हैं तो माता सृष्टि गृहिणी है। धृति ने 10वीं में 484 अंक हासिल किए थे। अंशिका ने बताया कि उसका सपना सीए बनने का है।
वह स्कूल से आने के बाद 10 घंटे पढ़ाई करती थी और रात भी पढ़ाई में लगी रहती थी। मोबाइल का प्रयोग बहुत कम करती थी और वो भी पढ़ाई के लिए करती थी। इंटरनेट मीडिया को केवल उसने पढ़ाई के लिए प्रयोग किया। अंशिका ने बताया कि 12वीं कक्षा में टाप-10 में आने के लिए पढ़ाई की थी।

