एकता क्रांति न्यूज, कुरुक्षेत्र। हरियाणा के एथलीटों ने 16वीं हरियाणा राज्य सीनियर एथलेटिक्स (Sports news) चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। गुरु द्रोणाचार्य स्टेडियम, कुरुक्षेत्र में आयोजित दो दिवसीय इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में प्रदेशभर के करीब 550 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और पदकों के लिए जोरदार मुकाबला किया।
चैंपियनशिप का शुभारंभ एथलेटिक्स हरियाणा के अध्यक्ष दिलबाग सिंह ने किया। इस अवसर पर एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की ग्रीवेंस कमेटी के सदस्य राजकुमार मिटान तथा एथलेटिक्स हरियाणा के निदेशक नरेंद्र मोर विशेष रूप से मौजूद रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का संदेश दिया।
Sports news : 10 हजार मीटर दौड़ में रोहतक के शुभम ने जीता गोल्ड
एथलेटिक्स हरियाणा के मीडिया प्रभारी सत्यवीर धनखड़ ने बताया कि 30 और 31 मई को आयोजित इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हरियाणा के सभी जिलों के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता का उद्देश्य राज्य के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर मंच प्रदान करना तथा राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है।
एथलेटिक्स हरियाणा के महासचिव प्रदीप मलिक के अनुसार पुरुष वर्ग की 10,000 मीटर दौड़ में रोहतक के शुभम सिंधू ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। चरखी दादरी के हरीश ने रजत और कुरुक्षेत्र के रवि भुंबक ने कांस्य पदक हासिल किया। महिला वर्ग में सोनीपत की भारती ने स्वर्ण, रोहतक की तनीशा ने रजत और सिरसा की पूजा ने कांस्य पदक जीता।
1500 मीटर दौड़ में पुरुष वर्ग के पलवल निवासी शाकिर ने स्वर्ण पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। भिवानी के नरेंद्र सिंह दूसरे और सोनीपत के अंकित मलिक तीसरे स्थान पर रहे। महिला वर्ग में फतेहाबाद की पूजा ने स्वर्ण पदक, हिसार की अंजू ने रजत तथा सिरसा की देवेंद्र कौर ने कांस्य पदक हासिल किया।
Sports news : ट्रिपल जंप में फतेहाबाद की मोनिका प्रथम
फील्ड इवेंट्स में भी खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। महिला ट्रिपल जंप में फतेहाबाद की मोनिका प्रथम, रेवाड़ी की मनाली चौहान द्वितीय और चरखी दादरी की नेहा तृतीय स्थान पर रहीं। पुरुष ट्रिपल जंप में भिवानी के हर्ष दहिया ने स्वर्ण, रोहतक के अजय ने रजत और जींद के नितिन ने कांस्य पदक जीता।
डिस्कस थ्रो प्रतियोगिता में महिला वर्ग में रोहतक की निधि रानी ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि भिवानी की सीमा और महेंद्रगढ़ की सान्या यादव क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं। पुरुष वर्ग में जींद के अभिमन्यु ने स्वर्ण, भिवानी के निर्भय सिंह ने रजत और सोनीपत के प्रतीक मान ने कांस्य पदक अपने नाम किया।
Sports news : जींद की शिल्पा ने जीता जेवलिन थ्रो में गोल्ड
महिला जेवलिन थ्रो स्पर्धा में जींद की शिल्पा रानी ने स्वर्ण पदक हासिल किया। फतेहाबाद की दीपिका ने रजत तथा ज्योति ने कांस्य पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया।
स्प्रिंट स्पर्धाओं में भी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। पुरुष 100 मीटर दौड़ में यमुनानगर के नुजरत ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि सोनीपत के प्रिंस और चरखी दादरी के जयप्रकाश क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे। महिला 100 मीटर दौड़ में रोहतक की हिमाश्री ने स्वर्ण, फरीदाबाद की परीक्षा ने रजत और चरखी दादरी की स्नेह ने कांस्य पदक जीता।
400 मीटर दौड़ में महिला वर्ग की किरण पहल ने स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। पानीपत की आंचल रानी ने रजत और सोनीपत की हिमांशी मलिक ने कांस्य पदक हासिल किया। वहीं पुरुष वर्ग में फरीदाबाद के विक्रांत पांचाल ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि सोनीपत के मोहित कुमार और चरखी दादरी के विकास कुमार क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे।
प्रतियोगिता के दौरान एथलेटिक्स हरियाणा के उपाध्यक्ष जितेंद्र बांगर, वरिष्ठ संयुक्त सचिव कुलदीप अहलावत, कोषाध्यक्ष जसवंत सिवाच, सदस्य विकास गहलावत सहित कई खेल अधिकारियों और कोचों ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। चैंपियनशिप के पहले दिन हुए मुकाबलों ने यह साबित कर दिया कि हरियाणा में एथलेटिक्स प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है और प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की क्षमता रखते हैं।



