एकता क्रांति न्यूज। जींद : हरियाणा के जींद जिले के थुआ गांव में एक (Jind news) व्यक्ति ने पड़ोसी के सिर में ईंट मारकर उसकी हत्या कर दी। आरोपी कोई प्रोफेशनल किल्लर नहीं था। बस कुछ सेकंड के गुस्से ने उसे कातिल बना दिया। पुलिस ने मृतक के भाई बलजीत की शिकायत पर पड़ोसी साधुराम, बलबीर, लक्ष्मी, अंकुश, चरण सिंह, श्नेत समेत नौ लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार अलेवा थाना पुलिस को दी शिकायत में गांव थुआ निवासी बलजीत ने कहा कि उनका पड़ोसी साधुराम अपने मकान की दीवार की रिपेयरिंग का काम कर रहा था। रविवार सुबह उसने उसके भाई रामनिवास के मकान के आगे रेती व सीमेंट डाल दी। रामनिवास ने साधुराम से बिल्कुल मकान के मुख्य गेट के सामने यह सामान डालने पर एतराज जताया। इसमें दोनों के बीच विवाद हो गया।
Jind news : गुप्तांग पर लगी ईंट, बेहोश हुआ, अस्पताल ले जाते मौत
साधुराम ने अपने परिवार के लोगों को मौके पर बुला लिया। शोर सुनकर वह भी अपने भाई रामनिवास के पास पहुंच गया। रामनिवास की पत्नी कविता व उनका बेटा आशु भी मौके पर पहुंच गए। आरोपियों ने उन पर ईंट, पत्थर व डंडों से वार करने शुरू कर दिए। इसमें ईंट रामनिवास के गुप्तांग पर लग गई। वह मौके पर ही बेहोश हो गया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। परिजन रामनिवास को लेकर जींद के सिविल अस्पताल गए लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
यूं तो साधुराम और रामनिवास के परिवार में लंबे समय से भाईचारा था। भाईचारे में एक छोटे से विवाद ने बड़ा मोड़ लिया और रामनिवास की जान चली गई। हालांकि गांव के सरपंच प्रतिनिधि राजेश ने बताया कि दोनों पक्षों में पहले किसी प्रकार का विवाद नहीं था। दोनों के बुजुर्ग एक पीढ़ी से आते हैं।
Jind news : 9 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
रविवार की घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। हालांकि साधुराम काम के सिलसिले में ज्यादातर बाहर ही रहता है और गांव में कभी कभार ही आता है। इसी दौरान भी साधुराम अपने मकान की मरम्मत के लिए गांव आया था, लेकिन उसको क्या पता था कि एक मरम्मत का कार्य ही उसे सलाखों के पीछे पहुंचाने का काम करेगा।नगूरां चौकी प्रभारी सुखबीर ने बताया कि पुलिस ने बलजीत की शिकायत पर साधुराम, बलबीर, लक्ष्मी, अंकुश, चरण सिंह, श्नेत समेत नौ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।



