एकता क्रांति न्यूज नेटवर्क।
Kaithal News : कैथल जिले में प्रशासन ने लापरवाही के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए राजौंद की नायब तहसीलदार स्नेह लता को (Rajound Tehsildar suspended) सस्पेंड किया गया है। यह कार्रवाई उस समय हुई जब कैथल डीसी अपराजिता के औचक निरीक्षण के दौरान अधिकारी अपने कार्यालय में मौजूद नहीं मिलीं। नोटिस जारी किए जाने के बाद भी संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर सरकार ने निलंबन के आदेश जारी कर दिए।
दरअसल, डीसी अपराजिता ने बुधवार को राजौंद क्षेत्र के विभिन्न सरकारी कार्यालयों का अचानक निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने तहसील कार्यालय, बीडीपीओ कार्यालय और नगर पालिका में पहुंचकर कामकाज की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों की उपस्थिति, रिकॉर्ड संधारण और जनसेवा से जुड़े मामलों की समीक्षा भी की गई।
Kaithal News : तहसील में मौजूद नहीं थी नायब तहसीलदार
तहसील कार्यालय के निरीक्षण के समय नायब तहसीलदार स्नेह लता अपने कार्यालय में अनुपस्थित पाई गईं। इस पर उपायुक्त ने तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा था। हालांकि निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर प्रशासन ने कड़ा कदम उठाते हुए उन्हें निलंबित कर दिया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने तहसील परिसर में मौजूद लोगों और शिकायतकर्ताओं से भी बातचीत की। कई लोगों ने नायब तहसीलदार की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी जताई। शिकायतकर्ताओं का कहना था कि अधिकारी अक्सर कार्यालय में उपलब्ध नहीं रहती थीं, जिसके चलते लोगों को अपने कार्य करवाने के लिए कई बार चक्कर लगाने पड़ते थे।
Kaithal News : सरकारी कार्यालय में समय पर आना सुनिश्चित करें कर्मचारी
प्रशासनिक सूत्रों का मानना है कि यह कार्रवाई सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों को जवाबदेही का संदेश देने के उद्देश्य से की गई है। साथ ही यह स्पष्ट किया गया है कि जनता से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उपायुक्त अपराजिता ने निलंबन की पुष्टि करते हुए कहा कि सरकारी कार्यालयों में समयबद्ध उपस्थिति और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देना सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है। प्रशासन आगे भी इसी प्रकार औचक निरीक्षण जारी रखेगा ताकि सरकारी सेवाओं की गुणवत्ता और जवाबदेही सुनिश्चित की जा सके।
Satbir Bangar : उम्र 69 साल लेकिन हर रोज 40 मिनट साइकिलिंग, 21 साल पहले बेटी के लिए खरीदी थी साइकिल



