एकता क्रांति न्यूज नेटवर्क।
Haryana Roadways Strike update : हरियाणा रोडवेज कर्मचारियों और प्रबंधन के बीच लंबे समय से चल रहा विवाद आखिरकार शुक्रवार देर रात समाप्त हो गया। रात करीब 12 बजकर 45 मिनट पर समझौता हो गया और इसके बाद कर्मचारियों ने चक्का जाम वापस लेने का फैसला किया। आज पहले की तरह सभी बसें सुचारू रूप से चलेंगी, बसों का चक्का जाम नहीं होगा।
विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और यूनियन नेताओं के बीच सहमति बनने के बाद आंदोलन स्थगित करने का निर्णय लिया गया। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर पुलिस बल की तैनाती की थी और कई डिपो में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। रात भर चले धरने के दौरान कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर अड़े रहे, जबकि प्रशासन लगातार समाधान निकालने के प्रयास में जुटा रहा।
Haryana Roadways Strike : कर्मचारियों की प्रमुख मांगें
कर्मचारी संगठनों ने पदोन्नति, बकाया भुगतान, ओवरटाइम राशि, नाइट स्टे भत्ता और अन्य सेवा संबंधी सुविधाओं को लेकर मांगें उठाई थीं। यूनियन नेताओं का कहना था कि लंबे समय से लंबित मामलों के कारण कर्मचारियों में असंतोष बढ़ रहा था। बातचीत के दौरान इन मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।

बैठक में विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने कर्मचारियों की प्रमुख समस्याओं के समाधान के लिए 15 दिनों के भीतर ठोस कार्रवाई का भरोसा दिया। इसी आश्वासन के बाद यूनियन ने आंदोलन समाप्त करने और बस सेवाएं बहाल करने पर सहमति जताई। कर्मचारी संगठनों ने पहले सुबह 3:40 बजे से बसों का संचालन रोकने और चक्का जाम करने का ऐलान किया था। इसके चलते कई डिपो में बसें बाहर नहीं निकल सकीं। हालांकि देर रात समझौता होने के बाद बस सेवाएं फिर से पटरी पर लौट आईं।
Haryana Roadways Strike : यात्रियों को मिली राहत
समझौते के बाद प्रदेशभर के लाखों यात्रियों ने राहत की सांस ली है। रोडवेज अधिकारियों के अनुसार सभी डिपो को बस संचालन सामान्य रखने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं और शनिवार से अधिकांश रूटों पर बसें निर्धारित समय के अनुसार चलेंगी।



