Jind Holi news : जींद। होली को शांतिपूर्वक व सौहार्द से मनाने के लिए पुलिस ने विशेष व्यवस्था की है। जिले में 600 पुलिस कर्मचारी ड्यूटी पर रहेंगे और हुड़दंग करने वालों पर पैनी नजर रखेंगे। पुलिस ने जिले में 24 नाके लगाए हैं, जहां पर होली व फाग तक जांच अभियान चलाया जाएगा। यह बात डीएसपी संजय कुमार ने पत्रकारों से बातचीत में कही।
डीएसपी संजय कुमार ने कहा कि होली के त्योहार को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न करवाने के लिए जींद पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए हैं। होली के अवसर पर हुड़दंग करने वाले पर पुलिस की नजर रहेगी। अलग-अलग स्थानों पर 24 जगह नाकाबंदी कर चेकिंग की जाएगी। सभी थाना और चौकी प्रभारियों को होली के त्योहार पर सुरक्षा के मद्देनजर शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी व सतर्कता के साथ प्रभावी गश्त के निर्देश दिए हैं।

Jind Holi : 12 ड्यूटी मैजिस्ट्रेट नियुक्त, 24 नाके, 600 पुलिस कर्मी रहेंगे फील्ड में
होली के अवसर पर महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष महिला पुलिस बल की तैनाती की गई है। ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने के लिए ट्रैफिक थाना प्रभारी को निर्देश दिए गए हैं। सभी पीसीआर और डायल 112 को निर्देश दिए हैं कि पुलिस कंट्रोल रूम के माध्यम से जहां भी अव्यवस्था की सूचना प्राप्त हो वहा तुरंत मौके पर पहुंच स्थिति से निपटें। सभी थानों में एसएचओ के साथ 12 ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। जिले में 24 नाके, 25 ईआरवीए 40 राइडर व 15 एसएचओ मोबाइल समेत 600 पुलिस कर्मचारियों कि ड्यूटी लगाई गई हैं।
Jind Holi : यातायात नियमों का होगा सख्ती से पालन
डीएसपी संजय कुमार ने कहा कि बाइक के साइलेंसर से पटाखों जैसी आवाज निकलने वाले, बिना हेलमेट और ट्रैफिक नियमों की अवहेलना करने वालों पर पुलिस विशेष निगरानी रखेगी। इसके अलावा यदि कोई शराब पीकर वाहन चलाता पाया तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। कुछ शरारती तत्व त्योहार की आड़ में किसी पुरानी रंजिश निकलने को कोशिश करते हैं, इनके साथ भी सख्ती से निपटा जाएगा।

