census update : भारत सरकार के गृह मंत्रालय के अंतर्गत भारत के महापंजीयक व जनगणना आयुक्त कार्यालय द्वारा जनगणना 2027 के पहले चरण हाउस लिस्टिंग एंड हाउसिंग सेंसस को लेकर वीरवार को जिला सचिवालय सभागार में चार्ज सेंसस अधिकारियों, सेंसस क्लर्क और तकनीकी सहायकों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने कहा कि जनगणना देश की सबसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक प्रक्रिया है, जिसके आधार पर विकास योजनाओं का निर्माण और संसाधनों का उचित वितरण सुनिश्चित किया जाता है।
इस बार जनगणना डिजिटल माध्यम से की जाएगी, इसलिए सभी अधिकारियों को तकनीकी पहलुओं की जानकारी होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि अधिकारी इस डिजिटल जनगणना प्रशिक्षण (census update) को गंभीरता से लें ताकि जनगणना का कार्य सफलतापूर्वक हो सके। उन्होंने कहा कि जनगणना कार्य में सटीकता और पारदर्शिता बनाए रखना अत्यंत जरूरी है। इसके लिए अधिकारियों को क्षेत्र स्तर पर निरंतर निगरानी रखनी होगी और किसी भी प्रकार की त्रुटि की संभावना को समाप्त करना होगा।

कार्यशाला के दौरान पीपीटी के माध्यम से अधिकारियों को जनगणना-2027 (census update) की प्रक्रिया, डिजिटल डाटा संकलन प्रणाली, प्रशिक्षण कार्यक्रम तथा अन्य प्रशासनिक व्यवस्थाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने कह कि यह प्रक्रिया सीधे तौर पर केंद्र सरकार की निगरानी में है और भविष्य की सभी सरकारी नीतियों, पेंशन योजनाओं व जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का मुख्य आधार बनेगी।
डेटा प्रविष्टि में किसी भी प्रकार की त्रुटि की गुंजाइश नहीं होनी चाहिए। फील्ड स्टाफ को किसी भी तकनीकी या व्यावहारिक समस्या के समाधान हेतु तुरंत अपने सुपरवाइजर सहित अन्य जिला अधिकारियों से संपर्क करने की छूट है। प्रशिक्षण सत्र में निदेशालय से आए डिविजनल इंचार्ज राधा रमन, जिला समन्वय अधिकारी सुखबीर नैन, मास्टर ट्रेनर निधि भाटिया व मास्टर ट्रेनर प्रो. संदीप शर्मा द्वारा यूजर मैनेजमेंट सिस्टम के बारे में भी विस्तार से बताया गया।
इसमें जनगणना (census update) से जुड़े अधिकारियों के लिए यूजर अकाउंट बनाने, कई अन्य बिंदुओं और प्रबंधन की प्रक्रिया समझाई गई। इसके अंतर्गत एडमिन और जनरल यूजर की भूमिका, ट्रेनर्स, एन्यूमरेटर एवं सुपरवाइजर, सिंगल यूजर अकाउंट क्रिएशन, बल्क यूजर अकाउंट क्रिएशन व विभिन्न क्षेत्रों के अनुसार यूजर देखने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। इस अवसर पर जिला राजस्व अधिकारी राजकुमार, तहसीलदार निखिल सिंगला, जिला सांख्यिकी अधिकारी सुरेंद्र सिंह मौजूद रहे।

