Vinesh Phogat : कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट ने मंगलवार को विधानसभा में जुलाना नगरपालिका में भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाया। फोगाट ने कहा कि जुलाना नगरपालिका चेयरमैन संजय जांगड़ा रिश्वत के मामले में पकड़े गए थे।जब उन्होंने विधानसभा में सवाल लगाया, तब प्रदेश सरकार ने उनको निलंबित किया है। उन्होंने इससे पहले छह- सात माह इंतजार किया है।
चेयरमैन का उठाया मुद्दा (Vinesh Phogat)
चेयरमैन जेल में भी रहे हैं और उसके बाद दोबारा उन्होंने नगरपालिका की बैठक ली हैं। जोकि सरकार पर बहुत बड़ा प्रश्न चिह्न लगता है। सरकार कहती है कि भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं करेंगे। सरकार स्पष्ट करे, उनका निलंबन कितने दिन तक के लिए हुआ है। क्या वे विधानसभा सत्र खत्म होने के बाद दोबारा ज्वाइन करने वाले हैं। कोई भी चीज स्पष्ट नहीं है।

निकाय मंत्री ने विनेश के सवालों का दिया जवाब (Vinesh Phogat)
निकाय मंत्री ने जवाब देते हुए कहा कि 16 अगस्त 2025 से अब तक जुलाना नगरपालिका चेयरमैन का निलंबन जारी है। मामले की जांच चल रही है। इसके बाद विनेश ने कहा कि इस मामले में सरकार ने इतने दिन तक इंतजार क्यों किया। जिसका जवाब देते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि मामले की जांच चल रही है। ठेकेदार भी जांच के घेरे में है। दोनों के खिलाफ मामला दर्ज है। इस मामले में कार्रवाई की जाएगी।
क्यों गिरफ्तार किया गया था डॉ. संजय जांगड़ा ? (Vinesh Phogat)
पाठकों को बता दें कि 16 अगस्त 2025 को एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने दो लाख 27 हजार 500 रुपये की रिश्वत लेने के मामले में चेयरमैन डा. संजय जांगड़ा को गिरफ्तार किया था। हालांकि सितंबर में वे जमानत पर जेल से बाहर आ गए थे। जिसके बाद उन्होंने दोबारा नगरपालिका चेयरमैन का पद संभाल लिया था।

क्या आरोप था ? (Vinesh Phogat)
उन पर आरोप था कि एक ठेकेदार की 91 लाख 20 हजार 454 रुपये के बिल पास करने की एवज में ये रिश्वत मांगी गई थी। ठेकेदार ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो को की थी। एंटी करप्शन ब्यूरो टीम ने कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया था। इस संबंध में 16 अगस्त को एंटी करप्शन ब्यूरो करनाल पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज हुआ था।
विनेश फोगाट के विधानसभा में मामला उठाने के बाद तीन मार्च को शहरी स्थानीय निकाय विभाग की तरफ तीन मार्च को चेयरमैन संजय जांगड़ा के निलंबन का पत्र जारी किया गया था। उसके बाद वाइस चेयरमैन पवन सैनी को कार्यभार सौंपा गया।

