Jind news : हरियाणा के जींद में बिना अनुमति के विस्फोटक सामग्री से पटाखों को निर्माण कर लोगों की जान जोखिम में डालने के रिमांड पर लिए आरोपित की निशानदेही पर सदर थाना सफीदों पुलिस ने 30 पेटी विस्फोटक सामग्री बरामद की है। आरोपित ने यह अपनी क्रोकरी की दुकान के पीछे गोदाम बनाकर छिपाई थी। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है।
गौरतलब है कि सफीदों में सात मार्च को अवैध फैक्टरी में आग लगने से हुई महिला मजदूरों की मौत के बाद पुलिस ने गांव कुरड़ मे छापेमारी की थी। जहां पर किराए के मकान में बिना अनुमति के बम पटाखे की फैक्टरी चल रही थी। वहां पर काफी मात्रा में विस्फोट सामग्री बरामद की थी। शिकायत के आधार पर सदर थाना सफीदों पुलिस ने 11 मार्च को सफीदों निवासी सत्यनारायण व राकेश समेत चार लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया था।
Jind news : आरोपी को रिमांड पर लिया तो बताया कहां छिपाए पटाखे
सदर थाना सफीदों पुलिस ने आरोपित सत्यनारायण को गिरफ्तार कर अदालत से एक दिन के रिमांड पर लिया था। पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपित ने बताया कि उसने एमजी रोड पर क्रोकरी की दुकान बनाई हुई। इसके पीछे गोदाम में कुछ सामान बचा हुआ है। मंगलवार को डूयटी मजिस्ट्रेट तहसीलदार राजेश गर्ग के नेतृत्व में एमजी रोड पर आरोपित सत्यनारायण की दुकान पर टीम ने दस्तक दी और सर्च अभियान चलाया।
इस दौरान गोदाम से स्माग कैंडल, राकेट, फुलझड़ी, धरतीमार बम, बीड़ी बम, मिक्स पटाखे की 30 पेटी बरामद हुई। पुलिस ने इसे कब्जे में ले लिया। आरोपित सत्यनारायण के खिलाफ शहर थाना सफीदों में गैर इरादतन समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत अलग से मामला दर्ज है। इसमें 12 महिला मजदूरों की मौत हो चुकी है।
सदर थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि रिमांड पर लिए आरोपित की निशानदेही पर उसकी दुकान में सर्च अभियान चलाया था। यहां से 30 पेटी पटाखों की बरामदगी हुई है। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है।

