NHAI Toll rate 2026 : नेशनल हाईवे पर सफर करने वाले वाहन चालकों के लिए बड़ी अपडेट सामने आ रही है। NHAI द्वारा 1 अप्रैल से टोल रेट बढ़ाए जा रहे हैं। इसके तहत 1 अप्रैल के बाद टोल 5 से 20 रुपए तक बढ़ जाएगा और वहीं एनुअल पास भी पहले की बजाय महंगा हो जाएगा। हरियाणा, राजस्थान, पंजाब, उत्तर प्रदेश समेत जहां पर भी NHAI के हाईवे हैं, वहां ये नए टोल रेट लागू किए जाएंगे।
राजस्थान की बात करें तो नेशनल हाईवे ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने जयपुर से विभिन्न शहरों को जोड़ने वाले प्रमुख नेशनल हाईवे के टोल रेट बढ़ा दिए हैं। इसमें जयपुर रिंग रोड, जयपुर-किशनगढ़, जयपुर-सीकर और जयपुर-दौसा हाईवे पर स्थित कई टोल प्लाजा शामिल हैं। नई दरें 1 अप्रैल से लागू होंगी, जिससे खासकर कमर्शियल और भारी वाहनों का खर्च बढ़ेगा।
NHAI के नोटिफिकेशन के मुताबिक, जयपुर-दिल्ली पुराने हाईवे पर दौलतपुरा, मनोहरपुर और शाहजहांपुर टोल प्लाजा पर शुल्क बढ़ाया गया है। वहीं जयपुर-किशनगढ़ हाईवे पर ठीकरिया और बड़गांव, रिंग रोड पर सीतारामपुरा और हिंगोनिया, तथा जयपुर-सीकर हाईवे पर टाटियावास टोल बूथ पर भी नई दरें लागू की जाएंगी। हालांकि राहत की बात यह है कि इन सभी टोल प्लाजा पर कारों के लिए टोल दरों में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है।

NHAI Toll rate : 5 से 20 रुपए तक बढ़ा टोल
बढ़ोतरी मुख्य रूप से कमर्शियल और भारी वाहनों पर की गई है, जिसमें 5 से 20 रुपये तक की वृद्धि शामिल है। जयपुर रिंग रोड पर निजी और हल्के कमर्शियल वाहनों के लिए कोई बदलाव नहीं किया गया है, जबकि भारी वाहनों के लिए ही टोल महंगा हुआ है। इससे ट्रांसपोर्ट सेक्टर पर सीधा असर पड़ने की संभावना है।
टोल दरों का निर्धारण एक तय फॉर्मूले के आधार पर होता है। यह होलसेल प्राइस इंडेक्स (WPI) के अनुसार हर साल संशोधित किया जाता है। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय साल के अंत में इसकी समीक्षा कर नई दरें जारी करता है। इसके अलावा सड़क की लंबाई और उस पर बने फ्लाईओवर, अंडरपास और अन्य सुविधाओं के आधार पर भी टोल की राशि तय होती है।
इसी के साथ फास्टैग एनुअल पास लेने वालों के लिए भी बदलाव किया गया है। अब कार के सालाना पास के लिए 75 रुपये ज्यादा देने होंगे। पहले यह पास 3,000 रुपये में मिलता था, जो 1 अप्रैल से बढ़कर 3,075 रुपये हो जाएगा। इस पास के तहत एक साल में 200 बार टोल पार करने की सुविधा मिलती है और इसे कई बार रिचार्ज कराया जा सकता है।
NHAI Toll rate : 31 मार्च के बाद बढ़ा जाएगा वार्षिक पास का रेट
सरकारी अधिकारियों के अनुसार, यह बढ़ोतरी सालाना रिवीजन प्रक्रिया का हिस्सा है, जिसमें इस बार करीब 2.5% की वृद्धि की गई है। 15 अगस्त को शुरू की गई इस योजना को अब तक 52 लाख से ज्यादा लोग अपना चुके हैं, जिससे इसकी लोकप्रियता साफ झलकती है।
हालांकि, जो लोग बढ़ी हुई दरों से बचना चाहते हैं, उनके पास 31 मार्च तक का मौका है। 31 तारीख तक पास खरीदने या रिचार्ज कराने पर पुरानी दर यानि 3,000 रुपये ही देनी होगी। 1 अप्रैल की सुबह से सभी टोल प्लाजा पर नई दरें लागू हो जाएंगी और कैश पेमेंट की जगह पूरी तरह फास्टैग सिस्टम को बढ़ावा दिया जाएगा।

