Haryana UHBVN Update :पंचकूला। हरियाणा में ग्रामीण क्षेत्र में बिजली सप्लाई के शेड्यूल में बदलाव किया गया है। गेहूं सीजन के चलते दिन में बिजली सप्लाई बंद थी, जिसे अब 23 अप्रैल से बहाल किया जा रहा है। दरअसल उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम (UHBVN) ने ग्रामीण घरेलू 11 केवी फीडरों (RDS फीडरों) के लिए नई बिजली आपूर्ति समय-सारिणी जारी कर दी है। यह शेड्यूल उन फीडरों पर लागू होगा जो 24 घंटे सप्लाई मोड में शामिल नहीं हैं।
UHBVN द्वारा जारी आदेशों के अनुसार यह व्यवस्था 23 अप्रैल 2026 को रात 12 बजे से प्रभावी मानी जाएगी। इसके अनुसार उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के अंतर्गत आने वाले पंचकूला, हिसार जोन, दिल्ली जोन और रोहतक जोन में बिजली आपूर्ति का समय अलग-अलग (Haryana power supply new shedule) निर्धारित किया गया है। पंचकूला जोन में बिजली सप्लाई शाम 6:15 बजे से सुबह 6:00 बजे तक और दिन में 11:00 बजे से 3:15 बजे तक रहेगी।
UHBVN Update : दिल्ली, रोहतक, हिसार जोन में यह रहेगा बिजली का नया शेड्यूल
दिल्ली जोन में बिजली सप्लाई का समय शाम 6:30 बजे से सुबह 6:00 बजे तक तथा 11:15 बजे से 3:45 बजे तक तय किया गया है। रोहतक जोन में बिजली सप्लाई का नया समय शाम 6:45 बजे से सुबह 6:15 बजे तक और 11:30 बजे से 4:00 बजे तक मिलेगी। हिसार जोन में बिजली सप्लाई का नया समय शाम 7:00 बजे से सुबह 6:30 बजे तक और दोपहर 12:00 बजे से शाम 4:30 बजे तक निर्धारित किया गया है।
बिजली निगम ने आदेश में स्पष्ट किया है कि ग्रिड अनुशासन बनाए रखने के लिए जीरो कट और लोड प्रतिबंध लागू किए जाएंगे। साथ ही सभी उपमंडल कार्यालयों, शिकायत केंद्रों और जेई कार्यालयों में इस आदेश को प्रमुखता से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश का उल्लंघन करने वाले स्टेशन स्टाफ या जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। हालांकि इन आदेशों का लैटर सोशल मीडिया पर घूम रहा है लेकिन आफिशियल पुष्टि होनी बाकी है।

