Jind Illegal Colony Demolished : हरियाणा के जींद जिले में अवैध निर्माण पर प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में जिला नगर योजनाकार मनीष दहिया ने बताया कि शुक्रवार को उचाना के राजस्व एस्टेट पालवां में विभाग की टीम ने लगभग 9 एकड़ क्षेत्र में विकसित की गई दो अवैध कालोनियों को हटाने की कार्रवाई की गई।
इस दौरान अवैध रूप से की गई प्लाटिंग, 28 डीपीसी तथा डब्ल्यूबीएम सड़क नेटवर्क को पूरी तरह से हटाया गया। मौके पर ही निर्मित दो अवैध संरचनाओं को भी ध्वस्त किया गया। जिला नगर योजनाकार ने बताया कि संबंधित कालोनियां हरियाणा विकास और शहरी क्षेत्र अधिनियम 1975 के प्रावधानों का उल्लंघन करते हुए बिना आवश्यक अनुमति एवं लाइसेंस के विकसित की जा रही थीं। इसके चलते यह निर्माण अवैध पाए गए। विभाग द्वारा यह कार्रवाई संबंधित अधिनियमों के तहत की गई है।

Illegal Colony Demolished : अवैध कॉलोनियों पर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी
उन्होंने बताया कि ध्वस्तीकरण के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पुलिस विभाग के कर्मी भी मौके पर मौजूद रहे। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि वह किसी भी कालोनी में प्लाट खरीदने से पूर्व यह सुनिश्चित अवश्य कर लें कि संबंधित कालोनी का विभाग से विधिवत लाइसेंस है या नहीं। अवैध कालोनियों में निवेश करने से जहां आर्थिक नुकसान की संभावना रहती है, वहीं कानूनी कार्रवाई का सामना भी करना पड़ सकता है।

