Haryana video ban in schools : हरियाणा में स्कूलों में पढ़ाई के टाइम वीडियो, रील्स बनाने पर अब पूरी तरह से बैन लगा दिया गया है। शिक्षा विभाग ने सख्त ऑर्डर जारी करते हुए कहा है कि स्कूल टाइम के दौरान मनोरंजन के लिहाज से किसी भी तरह की रील्स, वीडियो बनाई तो संबंधित कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
फरीदाबाद जिले में स्कूलों के अंदर रील्स और वीडियो बनाने को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। 25 मार्च 2026 को जारी इस पत्र में बताया गया है कि कुछ विद्यालय परिसरों में शिक्षक, कर्मचारी और छात्र मनोरंजन के लिए रील्स व लघु वीडियो बना रहे हैं, जिससे शैक्षणिक गतिविधियों और अनुशासन पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। इस पर संज्ञान लेते हुए सभी सरकारी स्कूलों के मुखियाओं को निर्देश दिए गए हैं कि स्कूल समय के दौरान किसी भी प्रकार की गैर-शैक्षणिक रील्स या वीडियो का निर्माण पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा।
Haryana news : शिक्षा से जुड़ी सामग्री, जागरुकता वाली वीडियो पर नहीं कोई बैन
हालांकि, शैक्षणिक, सांस्कृतिक या जागरूकता से जुड़ी सामग्री सक्षम अधिकारी की पूर्व अनुमति और शिक्षक की निगरानी में ही बनाई जा सकेगी। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया है कि पढ़ाई में कोई बाधा न आए, छात्रों की सुरक्षा और गोपनीयता बनी रहे, और विद्यालय की गरिमा व अनुशासन हर हाल में कायम रखा जाए। निर्देशों के उल्लंघन को गंभीरता से लेने की चेतावनी भी दी गई है।

पत्र में स्पष्ट रूप से कुछ महत्वपूर्ण बिंदुओं पर ध्यान देने के लिए कहा गया है। इसमें सबसे पहले यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि शिक्षण-अधिगम गतिविधियों में किसी प्रकार की बाधा न आए। इसके साथ ही छात्रों की सुरक्षा और गोपनीयता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं।
किसी भी प्रकार की अनुचित, गैर-शैक्षणिक या प्रचारात्मक सामग्री बनाने पर पूरी तरह रोक लगाने की बात कही गई है। विद्यालय के अनुशासन और गरिमा को बनाए रखना भी अनिवार्य बताया गया है। यदि किसी कारणवश वीडियो बनाना आवश्यक हो, तो संबंधित अधिकारी से पूर्व स्वीकृति लेना अनिवार्य होगा।

