Jind crime : उचाना थाना पुलिस ने बैंक मैनेजर के पूर्व चालक के 9 लाख 90 हजार रुपये गायब होने पर बैंक मैनेजर समेत पांच लोगों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिसार जिले के गांव बीड़ बाबरान निवासी अजय ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह दो महीने पहले बैंक आफ बड़ौदा की उचाना शाखा के मैनेजर मोनिल के पास ड्राइवर था। उस बैंक में उसका खाता भी है। 23 अप्रैल को उसने बैंक मैनेजर मोनिल को कुछ रुपयों की जरूरत बताई। चैक भर कर देने के बाद मैनेजर ने नौ लाख 90 हजार रुपये गिनकर बैग में रख दिए। फिर बैग कैश काउंटर पर रख कर उसे ऊपर बने कमरे में ले गया।
Jind crime : बैग संभाला तो गायब मिली नकदी
इसके बाद वह, मैनेजर मोनिल, बैंक कर्मी कुलदीप, नरेश, मकेश, अनिल छत पर बैठ कर शराब पीने लगे। कुलदीप बैग को ऊपर ले आया और नरेश ने उसे कमरे में रख दिया। इसके बाद वह खाना खाने ढाबे पर चले गए। वापस लौटने पर कुछ देर बात करने बाद मैनेजर मोनिल तथा वह कमरे पर पहुंचे। जब उन्होंने बैग को संभाला तो नकदी गायब मिली।
उन्होंने बैक खोल कर भी छानबीन की, उनके साथ शराब पीने वाले कर्मियों के साथ संपर्क साध कर बैग के बारे में पूछा लेकिन बैग का कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस जांच अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि पुलिस ने अजय की शिकायत पर बैंक मैनेजर मोनिल, बैंक कर्मी कुलदीप, नरेश, अनिल, मुकेश के खिलाफ चोरी समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

