Haryana news : हरियाणा में लगातार तीन वर्षों से समय पर बिजली बिल जमा करने वाले उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। अब ऐसे उपभोक्ताओं को सोलर कनेक्शन लगवाने के लिए पहले दो लाख रुपये तक की राशि जमा नहीं करनी होगी। बिजली निगम की ओर से उपभोक्ताओं के घर पर बिना किसी अतिरिक्त प्रारंभिक खर्च के सोलर सिस्टम कनेक्शन उपलब्ध कराया जाएगा।
बिजली निगम की इस योजना का लाभ उन उपभोक्ताओं को मिलेगा जो पिछले तीन वर्षों से नियमित रूप से बिजली का बिल भर रहे हैं। जानकारी के अनुसार करनाल जिले में करीब पांच लाख उपभोक्ताओं में से लगभग 32 हजार से अधिक उपभोक्ता इस श्रेणी में आते हैं। बिजली निगम अधिकारियों के मुताबिक उपभोक्ता केवल सीएससी पर आवेदन फॉर्म भरकर अपने उपमंडल कार्यालय में जमा कर सकते हैं।
Haryana news : 5 किलोवाट तक का सोलर सिस्टम लगाया जाएगा
पहले सोलर सिस्टम लगवाने के लिए उपभोक्ताओं को बैंक से ऋण लेने या अपने स्तर पर बड़ी राशि जमा करनी पड़ती थी, लेकिन अब निगम की नई व्यवस्था के तहत यह राशि अग्रिम रूप से नहीं देनी होगी। उपभोक्ता बाद में इसे आसान किस्तों में जमा कर सकेंगे। योजना के तहत 5 किलोवाट तक का सोलर सिस्टम लगाया जा सकेगा, जिससे उपभोक्ताओं को बिजली बिल में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
अधिकारियों ने बताया कि इस योजना में किसी भी वर्ग के अधिकारी, कर्मचारी या सामान्य उपभोक्ता, जिन्होंने समय पर नियमित बिल जमा कराया है, वे लाभ ले सकेंगे। बिजली निगम की ओर से सोलर सिस्टम लगवाने के लिए ब्याज मुक्त राशि उपलब्ध कराई जाएगी। खास बात यह है कि लोन की कोई समय सीमा तय नहीं की गई है, यानी उपभोक्ता अपनी सुविधा के अनुसार किस्तों में राशि वापस कर सकेंगे। निगम का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को सोलर ऊर्जा से जोड़ना और बिजली खर्च को कम करना है।

