Jind news Demolition : जींद शहर के विभिन्न सेक्टरों में मकानों के आगे अवैध रूप से किए गए निर्माण को हटाने के लिए एचएसवीपी ने नोटिस जारी किए हैं। सेक्टरों की रेजिडेंस वेलफेयर एसोसिएशन को 23 अप्रैल को नोटिस जारी करके निर्देश दिए गए थे कि उनके सेक्टरों में रहने वाले लोगों को मकानों के आगे किए अवैध निर्माण स्वयं हटाने के लिए कहें।
स्वयं अतिक्रमण नहीं हटाने की स्थिति में एचएसवीपी की तरफ से कार्रवाई की जाएगी। अब एचएसवीपी इन अवैध निर्माणों को तोड़ने के लिए मंगलवार से अभियान शुरू करने जा रहा है। ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई होगी। इस दौरान लोगों के विरोध का भी सामना करना पड़ सकता है। इसलिए व्यवस्था को संभालने के लिए पुलिस बल की भी मांग की गई हैै। हाईकोर्ट के निर्देश पर ये कार्रवाई की जा रही है।
Jind news Demolition : HSVP के अधीन आते हैं 7 सेक्टर
बता दें कि एचएसवीपी के अधीन सेक्टर छह, सात, आठ, नौ, 10, 11 व एक्टेशन 11 आते हैं। अर्बन एस्टेट, डिफेंस कालोनी सहित ज्यादातर सेक्टरों में लोगों ने मकानों के आगे चबूतरे बनाए हुए हैं। कुछ मकानों के आगे चारदीवारी व ग्रिल लगाकर भी कब्जा किया हुआ है। मकान के आगे शेड लगाकर गाड़ियां भी लोग पार्क करते हैं। वहीं मकानों के आगे लोहे के जाल लगाकर उसमें पौधे लगाए हुए हैं।
नगर परिषद के अधीन आने वाली कालोनियों में तो लोग आपस में एक-दूसरे की शिकायत करके मकानों के आगे बने चबूतरे तुड़वाते रहे हैं। लेकिन एचएसवीपी के अधीन आने वाले सेक्टरों में अतिक्रमण को लेकर अब तक बड़े स्तर पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। क्योंकि सेक्टरों में अतिक्रमण को लेकर लोग एक-दूसरे की शिकायत कम ही करते हैं। लेकिन अब हाईकोर्ट के निर्देश पर सेक्टरों में बड़े स्तर पर कार्रवाई होने जा रही है। जिससे लोगों में हड़कंप की स्थिति है। एचएसवीपी के नोटिस के बाद किसी ने अपने स्तर पर मकानों के आगे से अवैध निर्माण को नहीं तोड़ा है।
Jind news : एचएसवीपी की तरफ से जारी नोटिस
HSVP की तरफ से हाईकोर्ट के आदेशों का हवाला देते हुए कहा गया था, सेक्टरों के भीतर सड़कों के राइट आफ वे (आरओडब्ल्यू) पर किए गए अतिक्रमण (जैसे ग्रीन एरिया, लान, लैंडस्केप एरिया, चारदीवारी) को हटाया जाए। सेक्टरों में कई स्थानों पर सड़कों के आरओडब्ल्यू पर अतिक्रमण किया गया है, जो एचएसवीपी के प्रविधानों का स्पष्ट उल्लंघन है। इससे पैदल चलने वालों और सड़कों का उपयोग करने वाले निवासियों को भी असुविधा हो रही है।
इसलिए सभी संबंधित रेजिडेंस वेलफेयर एसोसिएशन को निर्देश दिया जाता है, वे इस जानकारी को अपने-अपने सेक्टरों और संबंधित सेक्टर के वाट्सएप ग्रुप में प्रसारित करें। ताकि सभी सेक्टरों के निवासी ऐसे अतिक्रमणों को अपने स्तर पर हटा लें। ऐसा न करने पर अतिक्रमण को एचएसवीपी द्वारा हटा दिया जाएगा। भविष्य में सड़कों के रास्ते पर कोई नया अतिक्रमण न हो।
सेक्टर आठ रेजिडेंस वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान सतबीर बांगड़ ने कहा कि एचएसवीपी की तरफ से नोटिस आया हुआ है। जिसमें सेक्टरवासियों को अपने स्तर पर मकानों के आगे किया गया अतिक्रमण हटाने के लिए कहा गया था। मकानों के आगे लगे पौधों को पशुओं से बचाने के लिए जाली लगाई गई हैं। ये हाईकोर्ट के निर्देश पर ये कार्रवाई हो रही है, इसलिए इस मामले में ज्यादा कुछ नहीं कह सकते।
Jind news : ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में होगी कार्रवाई
एचएसवीपी संपदा अधिकारी के सहायक हरिप्रकाश भारद्वाज ने बताया कि हाईकोर्ट के आदेशानुसार सेक्टरों के भीतर सड़क पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए नोटिस जारी किए गए थे। अब 28 अप्रैल से एचएसवीपी की तरफ से अतिक्रमण हटाने के लिए कार्रवाई शुरू की जाएगी। ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में ये अभियान चलेगा।

