College Admission : हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड व सीबीएसई द्वारा 12वीं कक्षा का परिणाम अभी तक जारी नहीं किया गया है। इससे पहले ही उच्चतर शिक्षा विभाग द्वारा कालेजों में यूजी कोर्स में दाखिले को लेकर पोर्टल पर संभावित शेड्यूल जारी किया है। पोर्टल पर जारी संभावित शेड्यूल के अनुसार यूजी कोर्स में दाखिले के लिए सात मई से आनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इसके लिए कालेजों में हेल्प डेस्क भी लगाए हैं, जहां विद्यार्थियों ने आनलाइन आवेदन के दौरान दस्तावेजों के बारे में जानकारी हासिल की। वहीं पहले दिन वीरवार को साइट भी नहीं चली है।
जींद के कॉलेजों का एडमिशन के लिए कैसा रहेगा शेड्यूल ? (College Admission)
जिलेभर के 17 राजकीय व निजी कालेजों में लगभग साढ़े 10 हजार सीट हैं। इसमें से शहर के राजकीय पीजी कालेज और राजकीय महिला कालेज विद्यार्थियों की पहली पंसद रहते हैं। आवेदन 31 मई तक होंगे। वहीं विद्यार्थी आवेदन में संशोधन के लिए एक जून तक अप्लाइ कर सकते हैं। दस्तावेजों कीे जांच नौ मई से छह जून तक होगी। वहीं पहली मेरिट लिस्ट 11 जून को जारी होगी। पहली मेरिट लिस्ट में स्थान पाने वाले विद्यार्थी 12 से 15 जून तक फीस जमा करवा सकते हैं। इसके बाद दूसरी मेरिट लिस्ट 17 जून को जारी होगी। दूसरी मेरिट लिस्ट में स्थान पाने वाले विद्यार्थी 18 जून से लेकर 22 जून तक फीस जमा करवा पाएंगे। इसके बाद खाली सीटों पर फिजिकल काउंसिलंग 24 जून से शुरू होगी। राजकीय पीजी कालेज ने नई शिक्षा नीति के तहत विद्यार्थियों के लिए सिंग्ल मेजर कोर्स कैमिस्ट्री, फिजिक्स व कंप्यूटर साइंस और पीजी कोर्स में एमएससी कंप्यूटर साइंस की मांग उच्चतर शिक्षा विभाग के पास भेजी है। इसके अलावा राजकीय महिला कालेज की ओर से कैमिस्ट्री और कंप्यूटर साइंस सिंग्ल मेजर कोर्स शुरू करने की डिमांड उच्चतर शिक्षा विभाग के पास भेजी है।

शहर के प्रमुख दोनों राजकीय कालेजों में सीटों की जानकारी (College Admission)
गोहाना रोड स्थित राजकीय पीजी काले में बीए संकाय में 600, बीएससी फिजिकल साइंस में 300, बीएससी लाइफ साइंस में 150, बीकाम में 220, बीए इंग्लिश में 40, बीए ज्योग्राफी में 40, बीए हिस्ट्री में 40, बीसीए में 120 और बीबीए में 40 सीट हैं। वहीं राजकीय महिला कालेज में बीए में 400, बीए इंग्लिश में 40, बीए ज्योग्राफी में 40, बीकाम में 240, बीसीए में 60, बीएससी फिजिकल साइंस में 160 और बीएससी फिजिक्स में 30 सीट हैं।
रजिस्ट्रेशन प्रक्रियाओं को लेकर क्या-क्या है तैयारी ? (College Admission)
राजकीय पीजी कालेज के प्राचार्य डा. सत्यवान मलिक ने बताया है कि, संत शिरोमणि श्री सेन भगत राजकीय महाविद्यालय में उच्चतर शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार विद्यार्थियों की सुविधा के लिए कंप्यूटर सेल का संचालन प्रारंभ कर दिया गया है। सेल विद्यार्थियों को आनलाइन एडमिशन, रजिस्ट्रेशन व अन्य डिजिटल कार्यों में निश्शुल्क सहायता प्रदान करेगा। महाविद्यालय की लाइब्रेरी स्थित गर्ल्स रीडिंग रूम में संचालित यह कंप्यूटर सेल सुबह 10 बजे से दोपहर तीन बजे तक कार्य करेगा। इस दौरान विद्यार्थियों को आनलाइन प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित सभी आवश्यक सुविधाएं व तकनीकी सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी।

