एकता क्रांति, जींद।
Jind news : जींद जिले के नरवाना क्षेत्र में हरियल चौक पर स्कूटी सवार व्यक्ति को बचाने के चक्कर में पंचकूला से हिसार जा रही किलोमीटर स्कीम की बस अनियंत्रित होकर हरियल रेस्ट हाउस की दीवार को तोड़ते हुए पलट गई। बस के पलटने से हाहाकार मच गया। इसके बाद आसपास के दुकानदार व राहगीर मौके पर दौड़े आए और बस का शीशा तोड़कर सवारियों को बाहर निकाला गया। सूचना मिलते ही डीएसपी कमलदीप राणा व शहर थाना प्रभारी पूर्णदास पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति की जानकारी ली। हादसे में घायल चालक व सवारियों को पुलिस गाड़ी व एंबुलेंस में उपचार के नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया। चालक समेत कुछ यात्रियों की गंभीर चोटें देखकर नागरिक अस्पताल जींद रेफर कर दिया गया।
बस चालक अनिल ने बताया कि वह पंचकूला डिपो की बस को पंचकूला से हिसार लेकर जा रहा था। जब बस हरियल चौक के पास पहुंची, तो अचानक एक बुजुर्ग स्कूटी दूसरी साइड न देखकर एकदम बीच सड़क में स्कूटी ले आया। स्कूटी को बीच सड़क में आता देख उसको बचाने के चक्कर में बस को डिवाइडर साइड में मोड़ना। बस डिवाइडर को पार करते हुए हाइवे के नाले के ऊपर से हरियल रेस्ट हाउस की दीवार को तोड़ते हुए पलट गई। उसने बताया कि इस हादसे के कारण बस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
यह हुए घायल (Jind news)
बस हादसे में चालक गांव सुलहेड़ा वासी अनिल, गांव काकड़ौद वासी बाला, हिसार वासी रमेश, रामरति, आदित्य, विद्या, राजस्थान के चुरू वासी अविनाश, लाडवा वासी प्रिंस, टोहाना वासी संजय, राजस्थान के राजगढ़ वासी नत्थूराम, मुम्बई वासी आर्यन, नरवाना वासी कमलेश, राजेंद्र, राजेश को चोटें आई। इनका नागरिक अस्पताल में उपचार कर जींद रेफर कर दिया गया।
बस हादसा होने पर एक साइड का सड़क मार्ग किया बंद (Jind news)
दिल्ली-पटियाला हाइवे पर हरियल चौक पर बस पलटने के कारण वहां काफी भीड़ जमा हो गई थी। डीएसपी कमलदीप राणा ने उस साइड की सड़क को बंद करवा दिया, ताकि दुर्घटनाग्रस्त बस को वहां से हटाया जा सके। वहीं वहां जमा भीड़ को पुलिस द्वारा वहां से हटवाया गया, ताकि अन्य कोई हादसा नहीं हो। बस को सीधा करने के लिए दो क्रेन मंगवाई गई। दोनों क्रेनों की सहायता से लगभग 20 मिनट बाद बस को सीधा किया गया। दुर्घटनाग्रस्त बस को नरवाना बस स्टैंड पर ले जाया गया।

एंबुलेंस पहुंचने में देर होता देख पुलिस गाड़ी में घायलों को ले गए (Jind news)
हादसे की सूचना मिलते ही डीएसपी कमलदीप राणा व शहर थाना एसएचओ पूर्णदास मौके पर पहुंच गए थे। उनके द्वारा बस हादसे में घायलों को तुरंत नागरिक अस्पताल में पहुंचाने के लिए कहा। लेकिन वहां पर एंबुलेस पहुंचने में देर होता देख डीएसपी कमलदीप राणा ने एसएचओ की गाड़ी में ले जाने की बात कही। इसके बाद घायलों को एसएचओ की गाड़ी में नागरिक अस्पताल ले जाया गया। डीएसपी कमलदीप राणा ने कहा कि घायलों को समय पर उपचार मिलना जरूरी है, ताकि उनकी ज्यादा जान-माल की हानि न हो सके।
यात्रियों ने कहा, बस पलटने पर आंखों के सामने अंधेरा छा गया (Jind news)
जिस समय बस अनियंत्रित होकर पलटी, तो उस समय बस के अंदर लगभग 40 यात्री थे। घायल महिला हिसार वासी रामरति ने बताया कि बस पलटी, तो उसकी आंखों के सामने अंधेरा छा गया था। वह अपना होश खो बैठी थी, उसको तो पता ही नहीं, अस्पताल में कौन लेकर आया। उसको सिर में पीछे गुम चोट लगी हुई है। बस की स्पीड भी ज्यादा थी, अगर स्पीड सही होती, तो बस पर नियंत्रण किया जा सकता था।
हरियल चौक पर पहले भी कई बार हो चुके हैं हादसे (Jind news)
हरियल चौक पर यह कोई पहला हादसा नहीं है, बल्कि इससे पहले भी कैथल से हिसार जा रही रोडवेज बस की कार के साथ टक्कर हो गई थी। हालांकि उस हादसे में किसी भी सवारी या कार चालक को चोटें नहीं आई थी। लेकिन हादसे की वजह से जाम की स्थिति बन गई थी। हरियल चौक एक व्यस्त रोड है, यहां पर दोनों तरफ वाहन आते-जाते रहते हैं। सोमवार को जो हादसा हुआ, यह स्कूटी चालक की लापरवाही से स्कूटी निकालने के कारण हुआ, क्योंकि नरवाना बस स्टैंड की ओर एक कार चालक ने दूसरी साइड जाने के लिए कार रोकी गई थी। ताकि सड़क खाली होने पर ही उसको पार किया जा सके। लेकिन कार के साइड से स्कूटी चालक ने बस को आता न देखकर एकदम तेज स्पीड में सड़क पार करने लगा। सड़क के बीच में स्कूटी आते देख बस चालक ने डिवाइडर की तरफ बस को मोड़ दी और बस दूसरी साइड की सड़क को पार कर पलट गई। गनीमत यह रही कि दूसरी साइड की सड़क पर कोई वाहन नहीं आ रहा था, नहीं तो बड़ा हादसा होने से इनकार नहीं किया जा सकता था।

