एकता क्रांति न्यूज, जींद (Property Tax) : प्रदेश सरकार ने 30 जून तक बकाया प्रापर्टी टैक्स जमा करने पर ब्याज में शत प्रतिशत छूट देने का पत्र जारी किया है। जींद शहर में नगर परिषद का 15 करोड़ रुपये से ज्यादा प्रापर्टी टैक्स बकाया है। लोग प्रापर्टी टैक्स जमा करवाने में कम रुचि ले रहे हैं। पिछले साल नगर परिषद ने एजेंसी को ठेका देकर प्रापर्टी टैक्स के बिल बंटवाए थे। इसके बावजूद पूरे वित्त वर्ष में केवल ढाई करोड़ रुपये का ही प्रापर्टी टैक्स जमा हो पाया था। जबकि नगर परिषद ने साढ़े छह करोड़ रुपये प्रापर्टी टैक्स जमा करने का लक्ष्य निर्धारित किया था।

ब्याज में छूट आने से नगर परिषद अधिकारियों को प्रापर्टी टैक्स की रिकवरी में तेजी आने की उम्मीद है। इस योजना का ज्यादा से ज्यादा लोग फायदा उठाएं, इसके लिए नगर परिषद डोर टू डोर कूड़ा लेने जाने वाली गाड़ियों पर लाउडस्पीकर से प्रचार करवाएगी। पार्षदों के माध्यम से भी लोगों से अपना बकाया प्रापर्टी टैक्स जमा करवाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। फिलहाल नगर परिषद कार्यालय में प्रापर्टी टैक्स जमा करने के लिए दो खिड़की हैं। अगर टैक्स जमा करवाने वालों की संख्या बढ़ती है, तो उसके हिसाब से खिड़कियां बढ़ाई जाएंगी। जींद शहर में करीब 80 हजार प्रापर्टी हैं।
नप की आमदनी का मुख्य स्त्रोत है प्रापर्टी टैक्स (Property Tax)
प्रापर्टी टैक्स नगर परिषद की आमदनी का मुख्य स्त्रोत है। लेकिन निर्धारित लक्ष्य से आधा भी प्रापर्टी टैक्स जमा नहीं हो पाता है। प्रापर्टी टैक्स जमा करवाने के लिए ज्यादातर वही लोग आते हैं, जिन्हें प्रापर्टी का लेनदेन करना है, प्रापर्टी आइडी बनवानी है या बैंक से लोन लेना है।
योजना का लाभ उठाएं शहरवासी : सचिव (Property Tax)
नगर परिषद सचिव सुमित दहिया ने बताया कि अब तक जो भी प्रापर्टी टैक्स बकाया है, शहरवासी उसे ब्याज माफी के साथ 30 जून तक जमा करवा सकते हैं। सभी प्रापर्टी धारकों को सरकार की इस ब्याज माफी योजना का लाभ उठाना चाहिए। 30 जून के बाद ब्याज सहित टैक्स जमा करवाना होगा।

