Haryana Roadways AC Bus Timing : जींद से दिल्ली, गुरुग्राम और आसपास के क्षेत्रों की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए भीषण गर्मी में राहत भरी खबर सामने आई है। रोडवेज के जींद डिपो ने जींद से गुरुग्राम रूट पर एक और AC बस सेवा शुरू कर दी है। इससे पहले इस रूट पर तीन एसी बसें संचालित हो रही थीं, लेकिन अब इनकी संख्या बढ़कर चार हो गई है।
जींद डिपो प्रबंधन के अनुसार गुरुग्राम के लिए AC बस प्रतिदिन जींद बस स्टैंड से दोपहर 2 बजकर 10 मिनट पर चलेगी और शाम को 5 से 6 बजे के बीच गुरुग्राम पहुंच जाएगी। इसके बाद शाम 6 बजे गुरुग्राम से जींद के लिए वापसी करेगी। रोडवेज अधिकारियों का कहना है कि दोपहर के समय तापमान अधिक होने के कारण यात्रियों को सामान्य बसों में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है, इसलिए यह नई सुविधा शुरू की गई है।
Haryana Roadways : जींद डिपो में 102 बसें, गुरुग्राम रूट पर चल रही 10 बसें
जानकारी के मुताबिक जींद डिपो के बेड़े में फिलहाल 102 बसें विभिन्न रूटों पर संचालित हो रही हैं। इनमें 25 किलोमीटर स्कीम की बसें और 7 एसी बसें शामिल हैं। जींद बस अड्डे से फिलहाल केवल चंडीगढ़ और गुरुग्राम रूट पर ही एसी बसों का संचालन किया जा रहा है।
गुरुग्राम रूट की बात करें तो अब जींद डिपो से प्रतिदिन कुल 10 बसें चलाई जा रही हैं। इनमें 4 एसी और 6 नॉन एसी बसें शामिल हैं। अधिकांश बसें सुबह के समय रवाना होती हैं, जबकि कुछ बसों का संचालन दोपहर में किया जाता है। यात्रियों की बढ़ती संख्या और गर्मी को ध्यान में रखते हुए रोडवेज विभाग ने दोपहर में अतिरिक्त एसी बस चलाने का निर्णय लिया है।
जींद डिपो के ड्यूटी इंचार्ज सुनील पूनिया ने बताया कि नई एसी बस सेवा शुरू होने से यात्रियों को सफर के दौरान काफी राहत मिलेगी, खासकर उन लोगों को जो रोजाना जींद से गुरुग्राम या आगे दिल्ली की ओर यात्रा करते हैं। यह सुविधा गर्मी के मौसम में यात्रियों के लिए बेहद लाभकारी साबित होगी।

