एकता क्रांति, जींद (Railway news) । दिल्ली-बठिंडा रेलमार्ग पर सफर करने वाले यात्रियों को मई माह में काफी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। रेलवे द्वारा किशनगंज रेलवे स्टेशन के पास ट्रैक मरम्मत और रखरखाव कार्य के चलते इस रूट पर कई ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया गया है। 5 से 14 मई तक चलने वाले इस कार्य के दौरान ट्रैक की मरम्मत, स्लीपर बदलने और सिग्नल सिस्टम को दुरुस्त किया जाएगा, ताकि भविष्य में रेल संचालन सुरक्षित और सुचारु हो सके।
इस अवधि में छह पैसेंजर ट्रेनों को रद्द किया गया है, जबकि आठ ट्रेनों को नई दिल्ली की बजाय शकूरबस्ती तक ही संचालित किया जाएगा। इनमें श्रीगंगानगर इंटरसिटी, जींद-नई दिल्ली और कुरुक्षेत्र-Delhi रूट की प्रमुख ट्रेनें शामिल हैं, जो अब शकूरबस्ती से ही आएंगी-जाएंगी। इसके अलावा पांच ट्रेनों के रूट में भी अस्थायी बदलाव किया गया है, जिनमें श्रीमाता वैष्णवी देवी कटरा से जुड़ी ट्रेनें शामिल हैं, जिन्हें अलग-अलग तारीखों में दिल्ली कैंट, सराय रोहिला, शकूरबस्ती, दयाबस्ती, सफदरजंग और ओखला के रास्ते चलाया जाएगा।
रद्द रहने वाली ट्रेनों में दिल्ली-जींद, जींद-दिल्ली, दिल्ली-नरवाना और दिल्ली-जाखल जैसी पैसेंजर ट्रेनें शामिल हैं, जो 5 से 14 मई के बीच अलग-अलग तारीखों में प्रभावित रहेंगी। रेलवे के अनुसार यह फैसला यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। नई दिल्ली के सीपीआरओ अजय माइकल ने जानकारी दी कि इस दौरान यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था का सहारा लेना होगा और यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जांच करना जरूरी रहेगा।

