Jind Civil Hospital : हरियाणा के जींद में सिविल अस्पताल में आई दो गर्भवती महिलाओं की मौत हो गई। इनमें एक बख्शी नगर निवासी 35 वर्षीय असीमा व दूसरी श्याम नगर निवासी 30 वर्षीय पूजा थी। दोनों ही आठ-आठ महीने की गर्भवती थी। दोनों को सुबह ही अस्पताल में दाखिल करवाया गया था।
क्या है पूरा मामला ? (Jind Civil Hospital)
बताया जा रहा है कि दोनों को हाई ब्लड प्रेशर की शिकायत थी। दोनों के स्वजनों ने किसी प्रकार के कोई आरोप नहीं लगाए हैं। पुलिस ने असीमा के शव का पोस्टमार्टम करवा कर स्वजनों को सौंप दिया। वहीं पूजा के मायका पक्ष के लोगों के आने का इंतजार है, उसके बाद पोस्टमार्टम होगा। शुक्रवार को अचानक दो गर्भवती महिलाओं की मौत से हड़कंप मच गया। प्रधान चिकित्सा अधिकारी डा. रघुबीर पूनिया ने चिकित्सकों की बैठक लेकर महिलाओं की मौत के कारणों के बारे में पता किया। महिला रोग विशेषज्ञ डा. राशि ने बताया कि दोनों महिलाओं को बचाने की कोशिश की गई, लेकिन वह सफल नहीं हो पाए।
असीमा को करवाया था सुबह चार बजे दाखिल (Jind Civil Hospital)
बख्शी नगर निवासी नितेश ने बताया कि उसने अपनी पत्नी असीमा को सुबह चार बजे नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया था। उसे पहले एक 11 साल की लड़की है। उसे हाई ब्लड प्रेशर की समस्या थी। असीमा आठ महीने की गर्भवती थी। उसे सांस लेने में भी दिक्कत थी। सुबह छह बजे उसकी मौत हो गई। असीमा का एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था।

पूजा को पड़ रहे थे दौरे (Jind Civil Hospital)
श्याम नगर निवासी 30 वर्षीय पूजा को ब्लड प्रेशर के साथ-साथ दौरे पड़ रहे थे। रात को एक बजे से उसे दिक्कत थी। सुबह स्वजन उसे लेकर नागरिक अस्पताल पहुंचे। पूजा के पति बंटी ने बताया कि उसके कोई बच्चा नहीं है। सुबह आठ बजे उसे अस्पताल में दाखिल करवाया गया। साढ़े आठ बजे चिकित्सकों ने उसकी पत्नी को मृत घोषित कर दिया।
महिलाओं को बचाने के पूरे प्रयास किए (Jind Civil Hospital)
नागरिक अस्पताल में महिला रोग विशेषज्ञ डा. राशि ने बताया कि जब दोनों महिलाओं को अस्पताल में दाखिल करवाया गया, उस समय अस्पताल में महिला रोग विशेषज्ञ डा. वंदना व डा. पूजा मौजूद थी। दोनों ने मरीजों को बचाने की काफी कोशिश की। दोनों का ब्लड प्रेशर अधिक था। दोनों ही महिलाओं का ब्लड प्रेशर कंट्रोल नहीं हो पाया।
चिकित्सा अधिकारी के प्रधान डॉ. रघुबीर पूनिया ने बताया, दोनों महिलाओं को अस्पताल में दाखिल करवाया गया था। जब उनकी तबीयत बिगड़ी तो स्वजनों ने उनको यहां दाखिल करवाया था। महिला रोग विशेषज्ञों से बातचीत करके मौत के कारणों का पता किया गया है। दोनों ही महिलाओं को हाई ब्लड प्रेशर था। गायनी वार्ड में 24 घंटे चिकित्सक मौजूद रहती हैं।
वहीं शहर थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने कहा है कि स्वजनों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।

