एकता क्रांति, जींद।
Jind news : शहर में विशेष सफाई अभियान के लिए नगर परिषद में लगे 92 सफाई कर्मचारी हट गए हैं। नगर परिषद अधिकारियों का कहना है कि सफाई के लिए टेंडर लगाया गया है। उस टेंडर में इन कर्मचारियों को एडजस्ट किया जाएगा। करीब पांच माह पहले इन कर्मचारियों को सफाई के लिए नगर परिषद ने रखा था। दो माह पहले ही इनका समय पूरा हो गया था। लेकिन नगर परिषद ने इनका कार्यकाल कुछ समय के लिए बढ़ा दिया गया था।

2.18 करोड़ रुपये का टेंडर Jind news
दो लाख से ज्यादा आबादी वाले जींद शहर में नगर परिषद के पास 178 सफाई कर्मचारी हैं। जोकि आबादी के हिसाब से कम हैं। ऐसे में नगर परिषद ने एचकेआरएन व न्यूनतम वेतन पर अतिरिक्त सफाई कर्मचारी लगाए हुए हैं। जो सफाई कर्मचारी हटाए गए हैं, उनको न्यूनतम वेतन पर रखा गया था। अब नगर परिषद ने शहर में सड़कों व जोन अनुसार सफाई करवाने के लिए 2.18 करोड़ रुपये का टेंडर लगाया है। इसी में हटाए गए कर्मचारियों को रखने की बात कही जा रही है।

