एकता क्रांति, फतेहाबाद
Haryana ACB Raid : हरियाणा में एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने शुक्रवार को फतेहाबाद में बड़ी कार्रवाई करते हुए पटवारी को 50 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पटवारी रजिस्ट्री करवाने की एवज में रिश्वत की राशि मांग रहा था। एसीबी के डीएसपी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी को कल कोर्ट में पेश किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार एसीबी को फतेहाबाद जिले के टोहाना बीडीपीओ कार्यालय में तैनात पटवारी उमेद बूरा के खिलाफ शिकायत मिली थी कि वह शामलात की जमीन की रजिस्ट्री करने की एवज में 50 हजार रुपए की घूस मांग रहा है। शिकायतकर्ता पारता गांव निवासी कपिल ने बताया कि वह शामलात की जमीन की रजिस्ट्री करवाना चाहता था। उमेद पटवारी उससे 50 हजार रुपए मांग रहा था। वह भ्रष्टाचार के खिलाफ है, इसलिए उसने शिकायत कर दी।
ACB Raid : पटवारी ने जैसे ही रिश्वत की राशि पकड़ी, धरा गया
एसीबी अंबाला के डीएसपी ओमप्रकाश नैन के नेतृत्व में रेडिंग पार्टी का गठन किया गया और 500-500 रुपए के नोटों पर पाउडर लगाकर बंडल शिकायतकर्ता को थमा दिया। कपिल ने पटवारी उमेद के पास फोन कर के कहा कि रिश्वत की रकम तैयार है, वह आकर ले जाए। पटवारी ने उसे नजदीक ही किसी प्राइवेट जगह पर बुला लिया। वहां जैसे ही कपिल ने पटवारी को नोटों का बंडल थमाया, तभी एसीबी की टीम ने छापेमारी कर दी और पटवारी को रंगे हाथों दबोचते हुए रिश्वत के रुपए बरामद कर लिए।
पटवारी के हाथ धुलवाए जाने पर हाथों का रंग लाल हो गया। रिश्वत की पुष्टि होते ही उसे अरेस्ट कर के एसीबी थाना में ले जाया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि इसमें पटवारी अकेले ही शामिल था या किसी और की भी संलिप्तता हो सकती है।

